

Chennai Super Kings Sanju Samson: आईपीएल 2026 के आगाज से पहले सभी टीमों की तैयारियां तेज हो चुकी हैं। इस बीच संजू सैमसन अपनी नई फ्रेंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स से जुड़ गए हैं, जिससे फैंस के बीच उत्साह और भी बढ़ गया है। इसी बीच फ्रैंचाइजी ने उनकी कुछ तस्वीर व एक वीडियो शेयर किए हैं।
संजू सैमसन 19 मार्च को चेन्नई पहुंचे, जहां उनका भव्य स्वागत किया गया। चेन्नई सुपर किंग्स ने सोशल मीडिया पर उनकी तस्वीरें और वीडियो शेयर कर फैंस के साथ यह खुशी साझा की। चेन्नई सुपर किंग्स ने पोस्ट करते हुए लिखा कि "चेन्नई में चेट्टन। जिस पल का हम इंतजार कर रहे थे! वर्ल्ड चैंपियन संजू सैमसन आ गए हैं। चेन्नई को संजू का औरा महसूस हो रहा है।"
हाल ही में टी20 वर्ल्ड कप 2026 में संजू सैमसन का प्रदर्शन शानदार रहा। उन्होंने 5 मैचों में 321 रन बनाकर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट का खिताब जीता। उनकी मौजूदा फॉर्म को देखते हुए CSK फैंस को उनसे काफी उम्मीदें हैं।
लंबे समय तक राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा रहे संजू सैमसन अब पहली बार चेन्नई सुपर किंग्स की जर्सी में नजर आएंगे। उन्हें एक बड़े ट्रेड के जरिए टीम में शामिल किया गया है, जिसमें रवींद्र जडेजा और सैम करन को दूसरी टीम में भेजा गया।
CSK में संजू सैमसन को भविष्य के कप्तान के रूप में देखा जा रहा है। माना जा रहा है कि वह आगे चलकर एमएस धोनी की विरासत को संभाल सकते हैं। विकेटकीपिंग और बल्लेबाजी दोनों में उनकी क्षमता टीम के लिए अहम साबित हो सकती है।
चेन्नई सुपर किंग्स अपने आईपीएल 2026 अभियान की शुरुआत 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गुवाहाटी में करेगी। खास बात यह होगी कि संजू सैमसन अपनी पुरानी टीम के खिलाफ ही नए सफर की शुरुआत करेंगे। इस तरह आईपीएल 2026 में संजू सैमसन का यह नया अध्याय काफी रोमांचक होने वाला है, जिस पर सभी की नजरें टिकी रहेंगी।