MS धोनी नहीं CSK में संजू सैमसन संभालेंगे बड़ी जिम्मेदारी, पूर्व दिग्गज ने बताया ये खास प्लान

IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग में संजू सैमसन अब सीएसके के लिए खेलते दिख सकते हैं। धोनी के साथ उनकी जोड़ी बन सकती है और पूर्व क्रिकेटर के अनुसार उन्हें टीम में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है।
Sanju Samson played for CSK as a Wicketkeepar
संजू सैमसन और महेंद्र सिंह धोनी (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

Anil Kumble on Chennai Super Kings: इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में संजू सैमसन एक नई शुरुआत करने जा रहे हैं। लंबे समय तक राजस्थान रॉयल्स का हिस्सा रहने के बाद अब वह चेन्नई सुपर किंग्स के लिए खेलते नजर आएंगे। राजस्थान में कप्तानी संभाल चुके सैमसन को चेन्नई में यह जिम्मेदारी नहीं मिली है, लेकिन टीम में उनकी भूमिका काफी अहम रहने वाली है।

धोनी के बाद बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है

पूर्व भारतीय दिग्गज अनिल कुंबले ने एमएस धोनी और संजू सैमसन को लेकर बड़ा बयान दिया है। उनका मानना है कि सैमसन, धोनी के बाद टीम में अहम भूमिका निभा सकते हैं। वह न सिर्फ विकेटकीपिंग संभाल सकते हैं, बल्कि भविष्य में टीम के नेतृत्व के लिए भी मजबूत दावेदार बन सकते हैं।

कुंबले ने सैमसन को बताया परफेक्ट विकल्प

जियोस्टार के शो में बात करते हुए अनिल कुंबले ने सैमसन को धोनी का आदर्श विकल्प बताया। उन्होंने भारतीय क्रिकेट में पीढ़ी दर पीढ़ी नेतृत्व और अनुभव के ट्रांसफर की बात भी कही। अनिल कुंबले ने कहा- "भारतीय क्रिकेट में एक पीढ़ी से दूसरी पीढ़ी में अनुभव बांटा जाता है। सुनील गावस्कर से लेकर सचिन तेंदुलकर और फिर विराट कोहली तक बैटन आगे बढ़ा। एमएस धोनी भी उसी एरा का हिस्सा हैं। इस हिसाब से संजू सैमसन को CSK में शामिल करना शानदार फैसला है।"

विकेटकीपिंग और उपकप्तानी की भूमिका

कुंबले के अनुसार, सैमसन चेन्नई टीम के लिए भविष्य के स्टार साबित हो सकते हैं। वह विकेटकीपर के रूप में टीम को मजबूती देंगे और उपकप्तान की भूमिका भी निभा सकते हैं। उन्होंने कहा कि "चेन्नई टीम के हिसाब से वो अगले स्टार बनने के लिए फिट बैठते हैं। वो केरल में पैदा हुए हैं और तमिल बोलते हैं। कुछ हद तक एमएस धोनी की भूमिका निभा सकते हैं। मुझे लगता है कि संजू सैमसन उपकप्तान की भूमिका निभाएंगे।"

उन्होंने यह भी संकेत दिया कि अगर एमएस धोनी सैमसन को विकेटकीपिंग की जिम्मेदारी सौंपते हैं, तो यह कोई चौंकाने वाली बात नहीं होगी। हालांकि टीम की कप्तानी ऋतुराज गायकवाड़ के पास ही रहेगी।

CSK का पहला मुकाबला कब होगा

IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स अपना पहला मैच 30 मार्च को राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ खेलेगी। यह मुकाबला गुवाहाटी में आयोजित होगा। माना जा रहा है कि यह एमएस धोनी का आखिरी आईपीएल सीजन हो सकता है, इसलिए उनके हर मैच पर फैंस की खास नजर रहेगी। चेन्नई की टीम पिछली बार उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाई थी और इस बार जीत के साथ शुरुआत करना चाहेगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com