

Ajit Agarkar Tenure Extension News: टीम इंडिया के हालिया शानदार प्रदर्शन के बीच एक बड़ी खबर सामने आई है। अजीत अगरकर ने बीसीसीआई से एक खास मांग रखी है, जिसने क्रिकेट जगत में नई चर्चा छेड़ दी है। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड को ये मांग किसी और की तरफ से नहीं बल्कि वर्तमान ने चीफ सेलेक्टर की भूमिका निभाने वाले अजीत अगरकर की तरफ से आई है। आइए विस्तार से इस बारे में बात करते हैं।
रिपोर्ट्स के मुताबिक अजीत अगरकर ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड से अनुरोध किया है कि उन्हें चीफ सिलेक्टर के तौर पर 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक टीम के साथ बने रहने का मौका दिया जाए। हालांकि, बोर्ड की तरफ से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
साल 2023 में चीफ सिलेक्टर बने अजीत अगरकर के कार्यकाल में टीम इंडिया ने शानदार प्रदर्शन किया है। भारत ने 2023 वनडे वर्ल्ड कप में फाइनल तक का सफर तय किया। इसके बाद टीम ने कई बड़ी उपलब्धियां हासिल कीं। रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने 2024 का टी20 वर्ल्ड कप जीता और 2025 में चैंपियंस ट्रॉफी पर भी कब्जा जमाया। हाल ही में टीम इंडिया ने एक बार फिर टी20 विश्व कप जीतकर इतिहास रच दिया और खिताब डिफेंड करने वाली पहली टीम बनी।
टी20 वर्ल्ड कप जीत के कुछ ही समय बाद अजीत अगरकर ने यह मांग रखी है। इससे पहले उनका कार्यकाल आईपीएल 2025 से पहले ही एक साल के लिए बढ़ाया गया था। अब वह चाहते हैं कि उन्हें अगले बड़े लक्ष्य यानी 2027 वनडे वर्ल्ड कप तक जिम्मेदारी सौंपी जाए।
जहां एक ओर टीम इंडिया ने व्हाइट बॉल क्रिकेट में शानदार सफलता हासिल की है, वहीं टेस्ट क्रिकेट में टीम का प्रदर्शन चिंता का कारण बना हुआ है। भारत को अपने ही घर में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज गंवानी पड़ी। इसके बाद ऑस्ट्रेलिया दौरे पर बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भी हार का सामना करना पड़ा। हाल ही में साउथ अफ्रीका के खिलाफ भी घरेलू सीरीज में टीम को निराशा झेलनी पड़ी।
अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के सामने एक अहम फैसला है। एक तरफ अगरकर के नेतृत्व में मिली सफलताएं हैं, तो दूसरी तरफ टेस्ट क्रिकेट में गिरता प्रदर्शन। ऐसे में यह देखना दिलचस्प होगा कि बोर्ड उनके कार्यकाल को आगे बढ़ाने का फैसला करता है या नहीं। आने वाले समय में इस पर बड़ा फैसला लिया जा सकता है।