

Highest Hundred For Indian Players In T20: आईपीएल 2026 के 33वें लीग मुकाबले में मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच वानखेड़े स्टेडियम में मुकाबला खेला जा रहा है। टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 207 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। इस स्कोर तक पहुंचाने में ओपनिंग बल्लेबाज संजू सैमसन की शानदार पारी का अहम योगदान रहा। उन्होंने इस सीजन में अपना दूसरा शतक लगाते हुए टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाया।
संजू सैमसन ने मुंबई इंडियंस के खिलाफ बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 54 गेंदों में नाबाद 101 रन बनाए। उनकी इस पारी में शानदार शॉट्स देखने को मिले, जिसने मैच का रुख बदल दिया। इस शतक के साथ सैमसन ने एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया और रोहित शर्मा की बराबरी करने में सफल रहे।
भारतीय खिलाड़ियों में टी20 क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने का रिकॉर्ड संयुक्त रूप से विराट कोहली और अभिषेक शर्मा के नाम है, जिनके नाम 9-9 शतक हैं। अब इस सूची में संजू सैमसन ने भी बड़ा मुकाम हासिल कर लिया है। मुंबई के खिलाफ शतक पूरा करते ही उनके टी20 करियर में शतकों की संख्या 8 हो गई, जिससे वह रोहित शर्मा के बराबर दूसरे स्थान पर पहुंच गए। सैमसन ने अब तक 337 टी20 मैचों में 8693 रन बनाए हैं, जिसमें 8 शतक और 54 अर्धशतक शामिल हैं।
आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से संजू सैमसन अब संयुक्त रूप से सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले खिलाड़ियों में शामिल हो गए हैं। उनसे पहले रुतुराज गायकवाड, मुरली विजय और शेन वॉटसन ने सीएसके के लिए 2-2 शतक लगाए थे। इसके अलावा, आईपीएल में सबसे ज्यादा शतक लगाने के मामले में सैमसन ने केएल राहुल की बराबरी कर ली है, जिनके नाम 5-5 शतक हैं। इस सूची में विराट कोहली शीर्ष पर बने हुए हैं।