

Mukesh Choudhary Mother Death: मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेले जा रहे बड़े मुकाबले में इस बार सिर्फ क्रिकेट ही नहीं, भावनाएं भी देखने को मिल रही हैं। टॉस और प्लेइंग 11 की चर्चाओं के बीच मैदान पर एक अलग ही माहौल नजर आया, जब चेन्नई के खिलाड़ी काली पट्टी बांधकर उतरे। इस कदम ने पूरे मैच को भावुक बना दिया और दर्शकों का ध्यान अपनी ओर खींचा।
चेन्नई सुपर किंग्स के सभी खिलाड़ी इस मुकाबले में अपनी बांह पर काली पट्टी बांधकर खेल रहे हैं। यह कदम टीम के तेज गेंदबाज मुकेश चौधरी की मां को श्रद्धांजलि देने के लिए उठाया गया है, जिनका हाल ही में लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। टीम प्रबंधन ने भी इस दुखद घटना पर संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि पूरा सीएसके परिवार इस मुश्किल समय में मुकेश और उनके परिवार के साथ खड़ा है। खिलाड़ियों का यह भावनात्मक इशारा टीम के एकजुटता और समर्थन को दर्शाता है।
मुकाबले की बात करें तो मुंबई इंडियंस के कप्तान हार्दिक पांड्या ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया। इस मैच में एक दुर्लभ स्थिति देखने को मिली, जब आईपीएल के दो बड़े नाम रोहित शर्मा और एमएस धोनी दोनों ही प्लेइंग 11 का हिस्सा नहीं हैं। रोहित हैमस्ट्रिंग चोट के कारण लगातार तीसरे मैच से बाहर हैं, जबकि धोनी पिंडली की चोट से उबर रहे हैं और अभी पूरी तरह फिट नहीं हो सके हैं।
एमएस धोनी की वापसी का इंतजार लगातार बढ़ता जा रहा है। शुरुआत में उम्मीद थी कि वह जल्द मैदान पर लौटेंगे, लेकिन अब उनकी रिकवरी को करीब 25 दिन हो चुके हैं। चेन्नई सुपर किंग्स के लिए यह चिंता का विषय है, क्योंकि टीम इस समय अंक तालिका में निचले पायदान पर जूझ रही है। धोनी ने हाल ही में अभ्यास जरूर किया, लेकिन टीम मैनेजमेंट ने जोखिम से बचते हुए उन्हें इस मैच में शामिल नहीं किया।
मुंबई इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच यह मुकाबला हमेशा से खास रहा है। हालांकि इस बार दोनों टीमों के प्रमुख खिलाड़ियों की गैरमौजूदगी ने मुकाबले की तस्वीर थोड़ी बदली है। इसके बावजूद, युवा खिलाड़ियों के पास खुद को साबित करने का सुनहरा मौका है और फैंस को एक और रोमांचक भिड़ंत की उम्मीद है।