T20 WC में साहिबजादा फरहान और फखर जमान ने रचा इतिहास, सबसे बड़ी साझेदारी कर रिकॉर्ड बुक में दर्ज करवाया नाम

PAK vs SL: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में साहिबजादा फरहान और फखर जमां ने श्रीलंका के खिलाफ 176 रन की रिकॉर्ड साझेदारी कर इतिहास रचा और टी20 वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे बड़ी पार्टनरशिप बना दी।
Sahibzada Farhan and Fakhar Zaman created history in the T20 World Cup
साहिबजादा फरहान और फखर जमान (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Sahibzada Farhan and Fakhar Zaman against Sri Lanka: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान और फखर जमान ने शानदार प्रदर्शन करते हुए इतिहास रच दिया। श्रीलंका के खिलाफ खेले जा रहे मुकाबले में दोनों बल्लेबाजों ने रिकॉर्डतोड़ साझेदारी कर टूर्नामेंट में नया कीर्तिमान स्थापित किया।

फरहान और फखर ने रचा इतिहास

पल्लेकेले में खेले जा रहे इस मुकाबले में पाकिस्तान को तेज शुरुआत की जरूरत थी और टीम के ओपनर्स ने जिम्मेदारी शानदार तरीके से निभाई। साहिबजादा फरहान और फखर जमान ने शुरुआत से ही आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए श्रीलंकाई गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। दोनों के बीच 176 रनों की साझेदारी हुई, जो टी20 वर्ल्ड कप इतिहास की सबसे बड़ी पार्टनरशिप बन गई।

टूटा न्यूजीलैंड का बड़ा रिकॉर्ड

इस ऐतिहासिक साझेदारी के साथ पाकिस्तानी जोड़ी ने न्यूजीलैंड के टिम सीफर्ट और फिन एलन का 175 रनों का रिकॉर्ड पीछे छोड़ दिया। कीवी बल्लेबाजों ने यह साझेदारी यूएई के खिलाफ चेन्नई में टी20 वर्ल्ड कप 2026 के दौरान बनाई थी। फरहान और फखर की बल्लेबाजी ने पाकिस्तान को मैच में पूरी तरह मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया।

टी20 वर्ल्ड कप इतिहास में सबसे बड़ी पार्टनरशिप

  • 176 – साहिबजादा फरहान और फखर जमान (पाकिस्तान) बनाम श्रीलंका, पल्लेकेले, 2026*
  • 175* – टिम सीफर्ट और फिन एलन (न्यूजीलैंड) बनाम यूएई, चेन्नई, 2026
  • 170* – जोस बटलर और एलेक्स हेल्स (इंग्लैंड) बनाम भारत, एडिलेड, 2022
  • 168 – क्विंटन डी कॉक और रिली रोसौ (दक्षिण अफ्रीका) बनाम बांग्लादेश, सिडनी, 2022
  • 166 – महेला जयवर्धने और कुमार संगकारा (श्रीलंका) बनाम वेस्टइंडीज, बारबाडोस, 2010
  • 154 – इब्राहिम जद्रान और रहमानुल्लाह गुरबाज (अफगानिस्तान) बनाम युगांडा, प्रोविडेंस, 2024

पाकिस्तान ने बनाया अपना सर्वाधिक स्कोर 

टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 मुकाबले में पाकिस्तान ने श्रीलंका के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हुए 213 रन का बड़ा स्कोर खड़ा किया। पल्लेकेले में खेले जा रहे इस मुकाबले में पाकिस्तान की शुरुआत बेहद दमदार रही और टीम ने पहले ही विकेट के लिए रिकॉर्ड साझेदारी कर मैच पर मजबूत पकड़ बना फरहान ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 60 गेंदों में 100 रन की शतकीय पारी खेली और टी20 वर्ल्ड कप के एक ही एडिशन में दो शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बन गए। वहीं फखर जमान ने आक्रामक अंदाज में 42 गेंदों पर 84 रन बनाए। इनके अलावा ख्वाजा 2 रन, शादाब खान 7 रन, विकेटकीपर उस्मान खान 8 रन और शाहीन अफरीदी 4 रन बनाकर आउट हुए।

श्रीलंका की गेंदबाजी रही फीकी

पाकिस्तान के बल्लेबाजों के सामने श्रीलंका की गेंदबाजी पूरी तरह संघर्ष करती नजर आई। दिलशान मदुशंका ने जरूर कुछ हद तक नियंत्रण दिखाते हुए 4 ओवर में 33 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। कप्तान दासुन शनाका ने 4 ओवर में 42 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि महीश तिक्षणा ने 4 ओवर में 48 रन खर्च कर 1 विकेट लिया। हालांकि बाकी गेंदबाज रन रोकने में नाकाम रहे और पाकिस्तानी बल्लेबाजों ने खुलकर रन बटोरे। कुल मिलाकर श्रीलंका की गेंदबाजी महंगी साबित हुई, जिसका फायदा उठाकर पाकिस्तान ने टूर्नामेंट के अहम मुकाबले में मजबूत स्कोर खड़ा किया।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com