ईशान किशन और क्लासेन का तूफान, RCB के गेंदबाजों की हुई जमकर पिटाई, SRH ने RCB को दिया 256 रन का टारगेट
SRH vs RCB IPL 2026: SRH ने IPL 2026 में RCB के खिलाफ 4 विकेट पर 255 रन बनाए। ईशान किशन, अभिषेक शर्मा और हेनरिक क्लासेन ने तूफानी अर्धशतक जड़े।
- Written By: अर्पित शुक्ला
ईशान किशन (Image- IANS)
RCB Vs SRH Scorecard: आईपीएल 2026 के 67वें मुकाबले में सनराइजर्स हैदराबाद (एसआरएच) ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) को 256 रन का लक्ष्य दिया है। एसआरएच की तरफ से ईशान किशन, अभिषेक शर्मा और हेनरिक क्लासेन ने अर्धशतक लगाया।
राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम में खेले जा रहे मुकाबले में एसआरएच के लिए पारी की शुरुआत अभिषेक शर्मा और ट्रेविस हेड ने तूफानी अंदाज में की। दोनों ने 4 ओवर में पहले विकेट के लिए 45 रन जोड़े। हेड 16 गेंदों पर 26 रन बनाकर आउट हुए। अभिषेक ने दूसरे विकेट के लिए ईशान किशन के साथ 52 रन की साझेदारी की। अभिषेक दूसरे विकेट के रूप में 22 गेंदों पर 5 छक्कों और 4 चौकों की मदद से 56 रन बनाकर आउट हुए।
ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन के बीच तूफानी साझेदारी
ईशान किशन और हेनरिक क्लासेन ने तीसरे विकेट के लिए 113 रनों की विस्फोटक साझेदारी की। दोनों ने टीम का स्कोर 16.2 ओवर में 210 तक पहुंचाया। क्लासेन 24 गेंद पर 5 छक्के और 2 चौकों की मदद से 51 रन बनाकर आउट हुए।
सम्बंधित ख़बरें
चेन्नई को हराकर शान से प्लेऑफ में पहुंची SRH, गुजरात टाइटन्स का टिकट भी पक्का, अब इन 5 टीमों के बीच होगी जंग
चेपॉक में ईशान किशन का जलवा, अर्धशतकीय पारी खेलकर चेन्नई के जबड़े से छीनी जीत, SRH ने 5 विकेट से जीता मुकाबला
CSK vs SRH: चेपॉक में हैदराबाद ने चेन्नई को 180 रन पर रोका, कप्तान कमिंस ने 3 तो साकिब हुसैन ने झटके 2 विकेट
CSK फैंस को लगा सबसे बड़ा झटका! SRH के खिलाफ मैच में नहीं खेल रहे MS Dhoni, ऋतुराज ने बताया बड़ा कारण
255 रन का विशाल स्कोर
किशन ने चौथे विकेट के लिए नितीश कुमार रेड्डी के साथ 45 रनों की साझेदारी की। किशन पारी की आखिरी गेंद पर 79 रन बनाकर आउट हुए। किशन ने 46 गेंदों पर 3 छक्कों और 8 चौकों की मदद से 79 रन बनाए। रेड्डी 12 गेंदों पर 3 छक्कों और 1 चौके की मदद से 29 रन बनाकर नाबाद रहे।
यह भी पढे़ं- आखिरी मुकाबले से पहले 422 रन बनाने वाला बल्लेबाज IPL से बाहर, अब KKR की नैया कौन पार लगाएगा?
एसआरएच ने 20 ओवर में 4 विकेट के नुकसान पर 255 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया है। आरसीबी के दोनों प्रमुख तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड इस मैच में महंगे साबित हुए। भुवनेश्वर ने 4 ओवर में 51 रन दिए, जबकि हेजलवुड ने 4 ओवर में 55 रन दिए। दोनों को विकेट नहीं मिला। रसिख सलाम डार ने 4 ओवर में 52 रन देकर 2 विकेट लिए। सुयश शर्मा, क्रुणाल पांड्या को 1-1 विकेट मिला।
