ऋषभ पंत और विराट कोहली (फोटो-सोशल मीडिया)
Royal Challengers Bengaluru vs Lucknow Super Giants: आईपीएल 2026 का 23वां मुकाबला रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और लखनऊ सुपर जायंट्स (RCB vs LSG) के बीच बेंगलुरु को एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में खेला जाएगा। प्रचंड फॉर्म में चल रही आरसीबी को उसके घर में रोकना एलएसजी के लिए बड़ी चुनौती है।
आरसीबी का मौजूदा फॉर्म भी लखनऊ के लिए चिंता का विषय है। टीम की बल्लेबाजी जितनी विस्फोटक है, गेंदबाजी उतनी ही घातक साबित हुई है। आरसीबी सीजन के अपने 4 मैचों में 3 जीत के साथ 6 अंक लेकर अंकतालिका में तीसरे स्थान पर है। बेंगलुरु ने अपना एकमात्र मुकाबला राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ गंवाया है।
लखनऊ सुपर जायंट्स का सफर उतार-चढ़ाव भरा रहा है। लखनऊ के गेंदबाज बेहतर गेंदबाजी कर रहे हैं। लेकिन बल्लेबाज अपना पूरा योगदान नहीं दे पा रहे हैं। ऐसे में लखनऊ इस सीजम में 4 मैचों में 2 जीत के साथ 4 अंक लेकर अंकतालिका में सातवें स्थान पर है। आज का मुकाबला एलएसजी के लिए काफी खास होने वाला है। अगर आज लखनऊ जीत दर्ज करने में कामयाब रहती है तो टीम सातवें से तीसरे या चौथे नंबर पर पहुंच जाएगी।
आरसीबी और एलएसजी के बीच मुकाबले हमेशा से रोमांचक होते रहे हैं। कभी एलएसजी आरसीबी के घर में तो कभी आरसीबी एलएसजी के घर में भारी पड़ती रही है, लेकिन ओवरऑल रिकॉर्ड पर नजर डालें तो आरसीबी का पलड़ा भारी है। दोनों टीमों के बीच अब तक 6 मैच खेले गए, जिसमें आरसीबी ने 4 और एलएसजी ने 2 मैच जीते हैं। ये आंकड़े दर्शाने के लिए काफी हैं कि आरसीबी का सामना एलएसजी के लिए कभी आसान नहीं रहा है।
फिल सॉल्ट फॉर्म में लौट आए हैं, विराट कोहली ने निरंतरता दिखाई है। कप्तान रजत पाटीदार, देवदत्त पड्डिकल, टिम डेविड, वेंकटेश अय्यर और रोमारियो शेफर्ड जैसे बल्लेबाज फॉर्म में हैं और लखनऊ के गेंदबाजों के लिए मुश्किल खड़ी कर सकते हैं। गेंदबाजी में भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, रसीख सलाम, क्रुणाल पांड्या और सुयश शर्मा ने अच्छा काम किया है।
यह भी पढ़ें: IPL 2026: मैदान पर हार, अब जेब पर वार; Ajinkya Rahane पर BCCI ने ठोका लाखों का जुर्माना
इस सीजन में लखनऊ सुपर जायंट्स के गेंदबाजों ने खासा प्रभावित किया है। मोहम्मद शमी ने अब तक कमाल की गेंदबाजी की है। वहीं प्रिंस यादव ने अपने वेरिएशन से सभी का ध्यान आकर्षित किया है। इसके साथ ही अब मोहसिन खान और मयंक यादव भी खेलने के लिए पूरी तरह से फिट हो गए हैं। तेज गेंदबाजों के अलावा स्पिनर दिग्वेश राठी और सिद्धार्थ ने बेहतरीन गेंदबाजी की है।