PAK Shaheens vs ENG Lions के बीच रद्द हुई सीरीज, PCB ने की पुष्टि, ईरान-इजराइल युद्ध के कारण लिया ये फैसला

Pakistan Shaheens vs England Lions: पाकिस्तान शाहीन्स और इंग्लैंड लॉयन्स की सीरीज रद्द कर दी गई है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने खाड़ी देशों में बढ़ते तनाव को इसकी वजह बताया है।
Pakistan Shaheens and England Lions series cancelled
पाकिस्तान शाहीन्स और इंग्लैंड लॉयन्स की सीरीज हुई रद्द (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Pakistan Shaheens vs England Lions Series Cancelled: पाकिस्तान शाहीन्स और इंग्लैंड लॉयन्स के बीच अबु धाबी में खेली जा रही सीमित ओवरों की सीरीज को रद्द कर दिया गया है। यह फैसला अमेरिका और इजराइल द्वारा ईरान पर किए गए हमलों के बाद खाड़ी देशों में बढ़े तनाव और सैन्य गतिविधियों को देखते हुए लिया गया। क्षेत्र में हालात अचानक बिगड़ने के कारण क्रिकेट गतिविधियों पर भी असर पड़ा है।

पीसीबी और ईसीबी की सहमति से फैसला

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने पुष्टि की कि इंग्लैंड एवं वेल्स क्रिकेट बोर्ड से चर्चा के बाद मौजूदा सीरीज को तत्काल प्रभाव से रद्द कर दिया गया। दोनों बोर्ड ने खिलाड़ियों और सपोर्ट स्टाफ की सुरक्षा को प्राथमिकता दी है। पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड के प्रवक्ता ने बताया है कि "दोनों टीम अबु धाबी से पहली उपलब्ध उड़ान से रवाना होंगी।" दोनों टीमों के बीच तीन टी20 और दो वनडे मुकाबले खेले जा चुके थे, जबकि तीन वनडे मैच बाकी थे। अब तक हुए पांचों मैचों में इंग्लैंड लॉयन्स ने एकतरफा जीत दर्ज की थी।

महिला टीम भी विदेश में फंसी

दक्षिण अफ्रीका दौरा पूरा कर चुकी पाकिस्तान की महिला टीम भी फिलहाल स्वदेश नहीं लौट पाई है। टीम सोमवार से जोहानिसबर्ग में रुकी हुई है, क्योंकि पश्चिम एशिया में हवाई सेवाएं बाधित होने के कारण उन्हें वापसी के लिए कोई उपयुक्त उड़ान नहीं मिल रही। सुरक्षा कारणों से कई एयरलाइंस ने अपने रूट बदल दिए हैं या उड़ानें स्थगित कर दी हैं।

हवाई क्षेत्र बंद होने से वैश्विक असर

ईरान पर मिसाइल हमलों के बाद कई देशों ने एहतियातन अपना वायु क्षेत्र बंद कर दिया है या उस पर प्रतिबंध लगा दिया है। अंतरराष्ट्रीय हवाई मार्गों पर असर पड़ने से कई टीमों और खिलाड़ियों की यात्रा योजनाएं प्रभावित हुई हैं।

वेस्टइंडीज और जिम्बाब्वे की टीम भी प्रभावित

टी20 विश्व कप से बाहर होने के बाद वेस्टइंडीज की सीनियर पुरुष टीम भारत से रवाना नहीं हो पाई है। अंतरराष्ट्रीय हवाई प्रतिबंधों के कारण उनकी वापसी टल गई है। क्रिकेट वेस्टइंडीज ने बताया है कि खिलाड़ियों की सुरक्षित वापसी के लिए संबंधित अधिकारियों और आईसीसी के साथ समन्वय किया जा रहा है। इसी तरह जिम्बाब्वे की टीम भी भारत में ही रुकी हुई है। जिम्बाब्वे क्रिकेट ने पुष्टि की है कि टीम फिलहाल दिल्ली में है और नई यात्रा व्यवस्था पर काम जारी है।

खाड़ी क्षेत्र में उड़ान सेवाएं फिलहाल निलंबित हैं। दुबई अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर भी नुकसान की खबर सामने आई है, जिससे वैश्विक हवाई यातायात प्रभावित हुआ है। मौजूदा हालात को देखते हुए क्रिकेट बोर्ड खिलाड़ियों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दे रहे हैं और स्थिति सामान्य होने का इंतजार कर रहे हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com