The Hundred Auction: मार्की प्लेयर्स की लिस्ट का हुआ ऐलान, हारिस रऊफ समेत 10 खिलाड़ी शामिल

Haris Rauf in Marquee List: द हंड्रेड लीग 2026 की प्लेयर नीलामी 12 मार्च को होगी। कुल 710 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था, जिनमें से 243 खिलाड़ियों को ऑक्शन के लिए शॉर्टलिस्ट किया गया है।
The Hundred Auction: मार्की प्लेयर्स की लिस्ट का हुआ ऐलान; हारिस रऊफ समेत 10 खिलाड़ी शामिल
पाकिस्तानी गेंदबाज हारिस रऊफ (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

The Hundred Auction: द हंड्रेड मेंस लीग 2026 के ऑक्शन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) ने 12 मार्च को होने वाली नीलामी से पहले शॉर्टलिस्ट खिलाड़ियों और मार्की प्लेयर्स की सूची जारी कर दी है। इस बार ऑक्शन में दुनियाभर के खिलाड़ियों ने हिस्सा लेने के लिए रजिस्ट्रेशन कराया था, जिसमें पाकिस्तान के कई बड़े नाम भी शामिल हैं। भारत को छोड़कर लगभग सभी क्रिकेट खेलने वाले देशों के खिलाड़ियों ने इस लीग के लिए अपना नाम दिया है।

पाकिस्तान के खिलाड़ियों की मौजूदगी ज्यादा

द हंड्रेड के ऑक्शन के लिए कुल 710 खिलाड़ियों ने रजिस्ट्रेशन कराया था। इनमें पाकिस्तान के 63 खिलाड़ी भी शामिल थे। हालांकि शुरुआती प्रक्रिया के बाद अब 243 खिलाड़ियों को शॉर्टलिस्ट किया गया है, जिनमें पाकिस्तान के 14 खिलाड़ी जगह बनाने में सफल रहे हैं। शॉर्टलिस्ट किए गए पाकिस्तानी खिलाड़ियों में हारिस रऊफ, शाहीन शाह अफरीदी, शादाब खान, उस्मान तारिक, सैम अयूब, अबरार अहमद, मोहम्मद नवाज, नसीम शाह, मोहम्मद आमिर, जमान खान, उसामा मीर, इमाद वसीम, आकिफ जावेद और सलमान मिर्जा शामिल हैं। इन खिलाड़ियों से ऑक्शन में अच्छी बोली की उम्मीद की जा रही है।

मार्की प्लेयर्स की सूची का ऐलान

नीलामी से पहले जिन खिलाड़ियों पर सबसे पहले बोली लगाई जाएगी, उन्हें मार्की प्लेयर्स की सूची में रखा गया है। पाकिस्तान के तेज गेंदबाज हारिस रऊफ इस खास सूची में शामिल हैं। उनके अलावा इंग्लैंड के जॉनी बेयरस्टो, आदिल रशीद, जेम्स विंस, जॉर्डन कॉक्स और जो रूट भी मार्की खिलाड़ियों में शामिल हैं। विदेशी खिलाड़ियों की बात करें तो एडेन मार्करम, डेविड मिलर, सुनील नरेन, डेरिल मिचेल और हारिस रऊफ को इस सूची में जगह मिली है। मार्की प्लेयर्स पर ऑक्शन की शुरुआत में ही बोली लगाई जाएगी, जिससे इन खिलाड़ियों की कीमत ऊंची जाने की संभावना है।

चयन प्रक्रिया को लेकर आया संयुक्त बयान

ECB और लीग की आठों फ्रेंचाइजियों ने हाल ही में एक संयुक्त बयान जारी कर साफ किया कि खिलाड़ियों का चयन टीम की जरूरत, उपलब्धता और प्रदर्शन को ध्यान में रखकर किया जाएगा। यह बयान उस रिपोर्ट के बाद आया था जिसमें दावा किया गया था कि IPL से जुड़ी कुछ फ्रेंचाइजियां पाकिस्तानी खिलाड़ियों पर बोली नहीं लगाएंगी।

द हंड्रेड में पहले भी खेल चुके हैं हारिस रऊफ

हारिस रऊफ इससे पहले वेल्श फायर टीम के लिए द हंड्रेड में खेल चुके हैं और दो सीजन में कुल 16 विकेट अपने नाम किए थे। हाल ही में बिग बैश लीग में भी उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाजों में शामिल रहे।

हालांकि उनकी उपलब्धता पाकिस्तान टीम के अंतरराष्ट्रीय कार्यक्रम पर निर्भर करेगी। द हंड्रेड में खेलने के लिए उन्हें पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड से नो-ऑब्जेक्शन सर्टिफिकेट लेना होगा। अब सभी की नजरें 12 मार्च को होने वाली नीलामी पर टिकी हैं, जहां कई खिलाड़ियों की किस्मत का फैसला होगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com