सलमान अली आगा और हैरी ब्रूक (फोटो-सोशल मीडिया)
England vs Pakistan, Super-8, Match No-5: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सुपर-8 का पांचवां मुकाबला इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच खेला जा रहा है। पाकिस्तान ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया है। सेमीफाइनल में पहुंचने के लिए पाकिस्तान को इस मुकाबले में जीत हासिल करना जरूरी है। वहीं इंग्लैंड की नजरें भी इस मुकाबले को जीतकर सेमीफाइनल में जगह बनाने पर होगी।
श्रीलंका के पल्लेकेले इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेले जा रहे इस मुकाबले में पाकिस्तान के कप्तान सलमान अली आगा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। प्लेइंग इलेवन में एक बदलाव किया गया है। फहीम अशरफ की जगह पर शाहीन अफरीदी को मौका दिया है।
दूसरी ओर, इंग्लैंड के कप्तान हैरी ब्रूक ने बताया कि टीम के अंतिम एकादश में कोई भी बदलाव नहीं किया गया है। इंग्लैंड श्रीलंका के खिलाफ जीत दर्ज करने वाली टीम के साथ ही मैदान पर उतरी है। टी20 विश्व कप 2026 के ग्रुप स्टेज में इंग्लैंड संघर्ष करती हुई नजर आई थी। हालांकि, सुपर-8 राउंड का आगाज टीम ने धमाकेदार जीत के साथ किया है। श्रीलंका के खिलाफ खेले गए मुकाबले में इंग्लैंड ने 51 रनों से जीत दर्ज की थी। पल्लेकेले के मैदान पर टीम के स्पिन गेंदबाजों का प्रदर्शन लाजवाब रहा था। विल जैक्स ने सिर्फ 22 रन देकर 3 विकेट निकाले थे, जबकि आदिल रशीद ने भी 2 विकेट चटकाए थे।
दूसरी ओर, पाकिस्तान का न्यूजीलैंड के खिलाफ सुपर-8 राउंड का पहला मुकाबला बारिश की भेंट चढ़ गया था। यही वजह है कि सेमीफाइनल में पहुंचने की उम्मीदों को जिंदा रखने के लिए इंग्लैंड को हर हाल में इंग्लैंड के खिलाफ जीत दर्ज करनी होगी। पाकिस्तान की ओर से बल्लेबाजी में साहिबजादा फरहान का प्रदर्शन अब तक कमाल का रहा है। फरहान 4 मैचों में 164 के स्ट्राइक रेट से खेलते हुए 220 रन बना चुके हैं। फरहान टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने वाले बल्लेबाज भी हैं। वहीं, शादाब खान बल्ले और गेंद दोनों से लगातार अहम योगदान दे रहे हैं। पाकिस्तान की तरफ से गेंदबाजी में उस्मान तारिक इस विश्व कप में बल्लेबाजों के लिए अबूझ पहेली साबित हुए हैं। वह 3 मैचों में 8 विकेट निकाल चुके हैं।
यह भी पढ़ें: पाकिस्तान बनाम इंग्लैंड…क्या बारिश कराएगी पाकिस्तान की छुट्टी? जानें आज के मैच का समीकरण और मौसम का हाल
इंग्लैंड : फिलिप सॉल्ट, जोस बटलर (विकेट कीपर), जैकब बेथेल, टॉम बैंटन, हैरी ब्रूक (कप्तान), सैम करन, विल जैक्स, लियाम डॉसन, जेमी ओवरटन, जोफ्रा आर्चर, आदिल राशिद
पाकिस्तान: साहिबज़ादा फरहान, सैम अयूब, सलमान आगा (कप्तान), बाबर आज़म, फखर ज़मान, उस्मान खान (विकेट कीपर), शादाब खान, मोहम्मद नवाज़, शाहीन अफरीदी, सलमान मिर्ज़ा, उस्मान तारिक