

PAK vs SA Women's T20 World Cup 2026: आईसीसी महिला टी20 विश्व कप में एजबेस्टन के मैदान पर खेले गए बेहद रोमांचक मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका ने पाकिस्तान को 2 विकेट से शिकस्त दी। 127 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी लॉरा वोल्वार्ड्ट की कप्तानी वाली दक्षिण अफ्रीकी टीम को जीत के लिए आखिरी तक संघर्ष करना पड़ा, लेकिन टीम ने अंततः मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस हार के साथ पाकिस्तान को टूर्नामेंट में एक और बड़ा झटका लगा।
करीबी मुकाबले में मिली हार के बाद पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना अपने आंसुओं पर काबू नहीं रख सकीं। मैच समाप्त होने के बाद वह डगआउट में भावुक नजर आईं और रो पड़ीं। फातिमा ने टीम को मुश्किल परिस्थितियों से निकालते हुए शानदार पारी खेली थी, लेकिन उनकी मेहनत जीत में नहीं बदल सकी। उनका भावुक फोटोज सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने शुरुआती छह ओवरों के भीतर ही अपने पांच विकेट गंवा दिए। दक्षिण अफ्रीका की अनुभवी तेज गेंदबाज मरिजाने कैप ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पाकिस्तान के बल्लेबाजी क्रम को झकझोर दिया। उन्होंने चार ओवर में 23 रन देकर तीन महत्वपूर्ण विकेट हासिल किए। पाकिस्तानी बल्लेबाज लगातार दबाव में नजर आए और टीम का स्कोर एक समय 50 रन पर 8 विकेट हो गया। कई बल्लेबाज बिना बड़ा योगदान दिए पवेलियन लौट गए, जिससे टीम बड़े संकट में फंस गई।
जब पाकिस्तान का स्कोर 50 रन पर 8 विकेट था, तब ऐसा लग रहा था कि पूरी टीम 70-80 रन के भीतर सिमट जाएगी। ऐसे मुश्किल समय में कप्तान फातिमा सना ने जिम्मेदारी संभाली। उन्हें तुबा हसन का शानदार साथ मिला और दोनों ने मिलकर नौवें विकेट के लिए 71 रनों की ऐतिहासिक साझेदारी की।
यह साझेदारी महिला टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पाकिस्तान के लिए नौवें विकेट की सबसे बड़ी साझेदारियों में शामिल हो गई। दोनों खिलाड़ियों ने टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई।
फातिमा सना ने दबाव भरे मुकाबले में बेहतरीन बल्लेबाजी का प्रदर्शन किया। उन्होंने सिर्फ 38 गेंदों में नाबाद 55 रन बनाए, जिसमें 6 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। वहीं तुबा हसन ने 23 रनों का महत्वपूर्ण योगदान दिया। दोनों की शानदार बल्लेबाजी के दम पर पाकिस्तान ने 20 ओवर में 9 विकेट पर 126 रन बनाए। हालांकि यह स्कोर जीत के लिए काफी साबित नहीं हुआ और दक्षिण अफ्रीका ने रोमांचक अंदाज में लक्ष्य हासिल कर मुकाबला अपने नाम कर लिया।