IND vs PAK महामुकाबले से पहले पाकिस्तान खेमे में मचा हड़कंप! कप्तान फातिमा सना हुईं चोटिल, टीम की बढ़ीं टेंशन

Womens T20 World Cup 2026: बर्मिंघम में भारत के खिलाफ हाई-वोल्टेज मैच से पहले अभ्यास के दौरान पाकिस्तान की कप्तान फातिमा सना घायल हो गईं। उनके खेल को लेकर अभी सस्पेंस बना हुआ है।
fatima sana injured before ind vs pak
फातिमा सना (IANS फाइल फोटो)
Published on
Updated on

IND vs PAK Fatima Sana Injury Update: भारत और पाकिस्तान के बीच आज यानी रविवार को बर्मिंघम में विमेंस टी20 वर्ल्ड कप 2026 का हाईवोल्टेज मैच खेला जाना है। इस मैच पर क्रिकेट जगत की नजरें टिकी हुई है। लेकिन इससे पहले ही पाकिस्तान टीम को बड़ा झटका लग गया है।

शनिवार को पाकिस्तानी कप्तान फातिमा सना ट्रेनिंग सेशन के दौरान चोटिल हो गईं। हालांकि, यह चोट मामूली चोट है। फातिमा सना को उम्मीद है कि वह भारत के खिलाफ मुकाबले से पहले फिट हो जाएंगी। लेकिन, चोट को देखते हुए उनके खेलने पर फिलहाल सस्पेंस बना हुआ है।

मिली जानकारी के अनुसार, पाकिस्तान के नेट सेशन के दौरान 24 वर्षीय ऑलराउंडर के घुटने पर चोट लगी थी, जिससे रविवार को होने वाले ग्रुप-स्टेज के अहम मैच में उनके खेलने को लेकर थोड़ी चिंता पैदा हो गई। हालांकि, सना ने संकेत दिया कि चोट गंभीर नहीं है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी जानकारी

मैच से पहले फातिमा सना ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया, "आयशा (जफर) ने शॉट खेला और वह मेरे घुटने पर लगा। मुझे लगता है कि अब सब ठीक है।" जब फातिमा सना से पूछा गया कि क्या वह भारत के खिलाफ हाई-वोल्टेज मुकाबले के लिए फिट होंगी, तो पाकिस्तान की कप्तान ने जवाब दिया, "हां, उम्मीद है।"

फातिमा सना के चोटिल होने की खबर ऐसे समय में आई है जब पाकिस्तान टूर्नामेंट के सबसे बड़े मुकाबलों में से एक की तैयारी कर रहा है। 9 विमेंस टी20 वर्ल्ड कप खेलने बावजूद भी पाकिस्तान आज तक एक भी ट्रॉफी अपने नाम नहीं कर पाया है। इस संस्करण में टीमों की संख्या 12 है, जिससे उसके लिए चुनौती अधिक कठिन हो गई है।

हेड-टू-हेड रिकॉर्ड

भारत के खिलाफ पाकिस्तान महिला क्रिकेट टीम का रिकॉर्ड भी पड़ोसी मुल्क की चिंता को बढ़ाता है। टी20 फॉर्मेट में पाकिस्तान ने भारत के खिलाफ 16 में से 13 मैच गंवाए हैं, जबकि 3 मैच में उसे जीत नसीब हुई। इसके बावजूद, सना का मानना ​​है कि उनकी टीम में मजबूत शुरुआत करने की क्षमता है और कई युवा खिलाड़ियों के उभरने से उन्हें हौसला मिला है।

लगातार दूसरी बार बनी कप्तान

साल 2024 में कप्तान बनने के बाद, सना लगातार दूसरी बार विमेंस टी20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान की कप्तानी कर रही हैं। कप्तान ने कहा, "बात सही शुरुआत करने की है, इसलिए हम यह मैच जीतने की कोशिश करेंगे, ताकि हमारे पास अलग-अलग मुकाबले के लिए विकल्प हों। मुझे लगता है कि हम इस टूर्नामेंट को लेकर बहुत उम्मीदें रखते हैं, क्योंकि हमारी टीम में कुछ युवा खिलाड़ी आए हैं, जिन्होंने साउथ अफ्रीका और जिम्बाब्वे के खिलाफ पिछली सीरीज में खुद को साबित किया है, इसलिए मुझे लगता है कि हमारे पास एक अच्छा कॉम्बिनेशन है।"

युवा टीम की जिम्मेदारी के बारे में बात करते हुए, सना ने अपनी अनुभवी टीम की साथियों और कोचिंग स्टाफ के सहयोग को इसका श्रेय देते हुए कहा, "यह एक अलग एहसास है क्योंकि मेरी टीम में सभी सीनियर हैं और वे मेरा साथ दे रहे हैं। कोचिंग स्टाफ भी मेरा साथ दे रहा है और उनकी वजह से मेरा काम आसान हो जाता है। मैं बस अपना क्रिकेट खेलती रहती हूं और वे मेरा काम आसान बनाने में मदद करते हैं।"

(एजेंसी इनपुट के साथ)

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com