T20 World Cup के वार्म-अप मैच में ओमान ने किया बड़ा उलटफेर, श्रीलंका ‘ए’ को 5 विकेटों से हराया
T20 World Cup Warm up Matches 2026: टी20 वर्ल्ड कप से पहले वार्म-अप मैच में ओमान ने श्रीलंका ए को 5 विकेट से हराकर बड़ा उलटफेर किया। आमिर कलीम और विनायक शुक्ला की बल्लेबाजी निर्णायक रही।
- Written By: उज्जवल सिन्हा
ओमान की टीम (फोटो-सोशल मीडिया)
Sri Lanka A vs Oman, 4th Match: टी20 वर्ल्ड कप की शुरुआत 7 फरवरी से होगी। इस वर्ल्ड कप के लिए सभी टीमें अपनी तैयारियों में जुटी हुई है। वर्ल्ड कप से पहले सभी टीमें वार्म-अप मुकाबला खेल रही है। टी20 वर्ल्ड कप का चौथा वार्म-अप मुकाबला श्रीलंका ए और ओमान के बीच खेला गया। जिसमें ओमान ने श्रीलंका ए को 5 विकेटों से शिकस्त देकर बड़ा उलटफेर किया।
मंगलवार को कोलंबो क्रिकेट क्लब में टॉस जीतकर बल्लेबाजी चुनते हुए श्रीलंका-ए ने 9 विकेट खोकर 145 रन बनाए। सलामी जोड़ी के रूप में सिनेथ जयवर्धने ने दुलनिथ सिगेरा के साथ 2.4 ओवरों में 23 रन की साझेदारी की। सेनिथ 5 गेंदों में 9 रन बनाकर आउट हुए, जबकि दुलनिथ ने 14 गेंदों में 20 रन की पारी खेली।
पहला विकेट गिरने के बाद श्रीलंका-ए ने 49 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो दिए थे। यहां से साहन कोसला ने कविजा गमागे के साथ 23 रन की साझेदारी की। कविजा टीम के खाते में 12 रन का योगदान देकर पवेलियन लौटे, जिसके बाद साहन ने सचिथा जयतिलके के साथ 33 रन जुटाकर टीम को चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाने में अहम योगदान दिया।
सम्बंधित ख़बरें
अफगानिस्तान ने पक्का किया 2027 वर्ल्ड कप टिकट, अब इन 2 टीमों में फंसा पेंच! देखिए पूरी रैंकिंग लिस्ट
Hormuz Strait के पास मर्चेंट जहाज पर हमले के बाद इंजन रूम में आग लगने से हड़कंप
2027 वनडे वर्ल्ड कप क्वालीफायर की तारीखों का ऐलान, जानिए किस टीम को मिलेगी सीधी एंट्री; देखें पूरा शेड्यूल
ईरान-ओमान के बीच Hormuz Strait पर फीस वसूलने की डील, भारत की ऊर्जा सुरक्षा पर पड़ेगा असर
ओमान की शानदार गेंदबाजी
वनुजा सहान 21 गेंदों में 1 छक्के और 2 चौकों के साथ 29 रन बनाकर आउट हुए, जबकि 10वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरे चामिंडू विक्रमसिंघे ने 13 गेंदों में 3 बाउंड्री के साथ 24 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से शाह फैसल, शकील अहमद और जय ओडेदरा ने 2-2 विकेट हासिल किए। नदीम खान को 1 विकेट हाथ लगा।
18 ओवर में ओमान ने हासिल की जीत
इसके जवाब में ओमान ने 18 ओवरों में जीत हासिल कर ली। आमिर कलीम ने हम्माद मिर्जा के साथ 3.1 ओवरों में 25 रन की साझेदारी की। हम्माद 5 रन बनाकर पवेलियन लौटे। कुछ देर बाद टीम ने वसीम अली (2) का विकेट भी गंवा दिया। यहां से आमिर ने करण सोनावले के साथ तीसरे विकेट के लिए 26 गेंदों में 35 रन जुटाकर टीम को जीत की पटरी पर ला दिया। करण 8 रन बनाकर आउट हुए, जिसके बाद आमिर ने मोर्चा संभाले रखा। उन्होंने विनायक शुक्ला के साथ पांचवें विकेट के लिए 35 रन जुटाकर टीम को जीत के करीब पहुंचा दिया।
यह भी पढ़ें: T20 World Cup 2026 के लिए श्रीलंका की टीम का ऐलान, दासुन शनाका को कमान; चोटिल खिलाड़ी को मिली टीम में जगह
आमिर कलीम 47 गेंदों में 3 छक्कों और 8 चौकों के साथ 80 रन बनाकर आउट हुए, जबकि विनायक ने 24 गेंदों में 5 बाउंड्री के साथ 39 रन की नाबाद पारी खेली। विपक्षी खेमे से वनुजा सहान ने 16 रन देकर सर्वाधिक 3 विकेट हासिल किए, जबकि कविजा गमागे और लहिरू समरकून ने 1-1 विकेट हासिल किया।
