T20 World Cup 2026 के सुपर-8 में पहुंची न्यूजीलैंड, कनाडा को 8 विकेट से रौंदा
T20 World Cup 2026: न्यूजीलैंड ने कनाडा को 8 विकेट से हराकर मुकाबले को आसानी से जीत लिया। इस जीत के साथ न्यूजीलैंड की टीम ने सुपर-8 में क्वालीफाई कर लिया। वहीं कनाडा की टीम अगले राउंड से बाहर हो गई।
- Written By: उज्जवल सिन्हा
न्यूजीलैंड टीम (फोटो-सोशल मीडिया)
New Zealand vs Canada, 31st Match: टी20 विश्व कप 2026 के 31वें मैच में न्यूजीलैंड क्रिकेट टीम ने ग्रुप डी के मुकाबले में कनाडा को 8 विकेट से हरा दिया। इस जीत के साथ ही न्यूजीलैंड ग्रुप डी से दक्षिण अफ्रीका के साथ सुपर-8 स्टेज में पहुंच चुका है। न्यूजीलैंड ने ग्रुप डी से अपने अभियान का समापन चार मैचों में तीन मुकाबले जीतकर किया। उनको दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ एक मुकाबले में 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा।
चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में हुए आज के मैच में कनाडा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। कनाडा ने 20 ओवर में चार विकेट के नुकसान पर 173 रन बनाए। कनाडा की ओर से ओपनर युवराज शर्मा ने केवल 65 गेंदों पर 110 रनों की पारी खेली। उनके और दूसरे ओपनिंग बल्लेबाज दिलप्रीत बाजवा के बीच पहले विकेट के लिए 116 रनों की शानदार साझेदारी हुई।
कप्तान बाजवा 39 गेंदों पर 36 रनों की धीमी पारी खेलकर आउट हुए, हालांकि दूसरे छोर से युवराज ने रन गति को बनाए रखा। न्यूजीलैंड की ओर से मैट हैनरी, जैकब डफी, काइल जैमिसन, जेम्स नीशम को 1-1 विकेट मिला।
सम्बंधित ख़बरें
US Heatwave: अमेरिका, कनाडा और मैक्सिको में भीषण गर्मी, प्रशासन ने खोले कूलिंग सेंटर
वेस्टइंडीज को रौंदकर 8वीं बार फाइनल में पहुंची ऑस्ट्रेलिया, फाइनल खेलने पर कप्तान ने दिया बड़ा अपडेट
FIFA 2026: कनाडा ने रचा इतिहास, 75वें मिनट में इस स्टार खिलाड़ी ने पलटा पूरा मैच, पहली बार टॉप 16 में बनाई जगह
Air India Bombing: कनाडा ने माना 1985 के विमान धमाके में था खालिस्तानियों का हाथ
15.1 ओवर में जीता न्यूजीलैंड
174 रनों के टारगेट के जवाब में न्यूजीलैंड ने यह लक्ष्य केवल 15.1 ओवर में हासिल कर लिया। कनाडा के उल्ट कीवियों की शुरुआत खराब रही, जब ओपनिंग बल्लेबाज टिम सीफर्ट 10 गेंदों पर 6 रनों की पारी खेलकर आउट हो गए। उनको साद बिन जाफर ने आउट किया। इसके बाद फिन एलन भी तुरंत आउट हो गए। एलन ने केवल 8 गेंदों पर 21 रनों की पारी खेली।
यह भी पढ़ें: 7 दिन में वर्ल्ड कप से ऑस्ट्रेलिया का बंध गया बोरिया-बिस्तर? ग्रुप स्टेज से बाहर होना तय! देखें प्वाइंट्स टेबल
30 रनों के स्कोर पर दो विकेट गिर जाने के बाद रचिन रविंद्र और ग्लेन फिलिप्स ने अर्धशतकीय पारियां खेलकर नाबाद विजयी साझेदारी की। रचिन रविंद्र ने 39 गेंदों पर चार चौके और तीन छक्कों की बदौलत 59 रनों की पारी खेली, जबकि ग्लेन फिलिप्स 36 गेंदों पर 76 रन बनाकर विस्फोटक अंदाज में दिखाई दिए। फिलिप्स ने चार चौके और छह छक्के लगाए।
कनाडा का अगला मैच अफगानिस्तान से
इस जीत से जहां न्यूजीलैंड अगली स्टेज में पहुंच चुका है, तो वहीं कनाडा की टीम अपना लगातार तीसरा मैच हार चुकी है। कनाडा को ग्रुप स्टेज का अंतिम मुकाबला अफगानिस्तान के खिलाफ खेलना है।
