1 रन से टूटा वॉशिंगटन फ्रीडम का सपना, लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स ने पहली बार जीता MLC का खिताब
LAKR vs WF: मेजर लीग क्रिकेट 2026 के रोमांचक फाइनल में लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स ने वॉशिंगटन फ्रीडम को 1 रन से हराकर पहली बार खिताब जीता। सुनील नरेन और जेसन होल्डर जीत के हीरो रहे।
- Written By: सृष्टि मौर्य
लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स (सोर्स- सोशल मीडिया)
LAKR vs WF MLC 2026 Final: मेजर लीग क्रिकेट 2026 के फाइनल में क्रिकेट प्रेमियों को आखिरी गेंद तक रोमांच देखने को मिला। ओकलैंड में खेले गए खिताबी मुकाबले में लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स ने वॉशिंगटन फ्रीडम को महज 1 रन से हराकर पहली बार मेजर लीग क्रिकेट का खिताब अपने नाम कर लिया। 165 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए वॉशिंगटन फ्रीडम जीत के बेहद करीब पहुंची, लेकिन आखिरी गेंद पर मुकाबला हार गई।
आखिरी ओवर में पलटा पूरा मैच
वॉशिंगटन फ्रीडम ने 19 ओवर में 151 रन बना लिए थे और जीत के लिए आखिरी ओवर में 14 रन चाहिए थे। पहली ही गेंद पर ओबस पिएनार ने शानदार छक्का जड़कर मुकाबले को पूरी तरह रोमांचक बना दिया। अब पांच गेंदों पर सिर्फ आठ रन चाहिए थे, लेकिन गेंदबाज शैडली वैन शल्कविक ने अगली गेंद पर पिएनार को बोल्ड कर दिया। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए इयान हॉलैंड गोल्डन डक पर आउट हो गए। लगातार दो विकेट गिरने से वॉशिंगटन की मुश्किलें बढ़ गईं।
Worked all season for this moment 🏆 pic.twitter.com/CUtOlwPGMe — Cognizant Major League Cricket (@MLCricket) July 19, 2026
सम्बंधित ख़बरें
FIFA World Cup Final: खेल प्रेमियों को तोहफा, महाराष्ट्र में सुबह 4 बजे तक खुले रहे होटल
संग्राम सिंह ने पाकिस्तानी फाइटर को सिर्फ 80 सेकेंड में किया ढेर, भारत ने जाती MMA की एशियन चैंपियनशिप
ENG Vs IND: 141 रन ठोक बेन डकेट ने मचाया तहलका, इंग्लैंड ने भारत के सामने रखा 388 रन का लक्ष्य
जिम्बाब्वे फतह को तैयार टीम इंडिया, लक्ष्मण के मार्गदर्शन में युवा ब्रिगेड रवाना, देखें पूरा शेड्यूल
फर्ग्युसन ने जगाई उम्मीद फिर भी नहीं मिली जीत
चौथी गेंद पर लॉकी फर्ग्युसन ने चौका लगाकर मुकाबले को फिर से जीवंत कर दिया। पांचवीं गेंद पर एक रन आया, जिसके बाद आखिरी गेंद पर जीत के लिए तीन रन चाहिए थे। हालांकि, लाहिरु मिलन्था सिर्फ एक रन ही बना सके और लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स ने मुकाबला एक रन से अपने नाम कर लिया।
नरेन और होल्डर बने जीत के सबसे बड़े हीरो
165 रनों के लक्ष्य का बचाव करना आसान नहीं था, लेकिन लॉस एंजिल्स की जीत में सुनील नरेन और कप्तान जेसन होल्डर ने अहम भूमिका निभाई। दोनों ने तीन-तीन विकेट झटके। नरेन ने चार ओवर में सिर्फ 13 रन देकर स्टीव स्मिथ, रचिन रवींद्र और मिचेल ओवेन जैसे बड़े बल्लेबाजों को आउट किया। वहीं, जेसन होल्डर ने भी तीन विकेट चटकाए और अपने टी20 करियर के 400 विकेट पूरे किए। वो ये उपलब्धि हासिल करने वाले वेस्टइंडीज के सिर्फ चौथे गेंदबाज बने।
यह भी पढ़ें- जिम्बाब्वे फतह को तैयार टीम इंडिया, लक्ष्मण के मार्गदर्शन में युवा ब्रिगेड रवाना, देखें पूरा शेड्यूल
पहली बार चैंपियन बना लॉस एंजिल्स
इस यादगार जीत के साथ लॉस एंजिल्स नाइट राइडर्स ने पहली बार मेजर लीग क्रिकेट का खिताब अपने नाम किया। वहीं, वॉशिंगटन फ्रीडम आखिरी गेंद तक संघर्ष करने के बावजूद इतिहास रचने से सिर्फ एक रन दूर रह गई।
