

RCB Create History in IPL 2026 Final: आईपीएल 2026 के फाइनल मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु ने शानदार गेंदबाजी का प्रदर्शन करते हुए एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में खेले जा रहे खिताबी मुकाबले में आरसीबी के तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार और जोश हेजलवुड ने गुजरात टाइटंस को शुरुआती झटके दिए।
दोनों गेंदबाजों ने पावरप्ले के अंदर ही गुजरात के दोनों सलामी बल्लेबाजों साई सुदर्शन और कप्तान शुभमन गिल को पवेलियन भेज दिया। इन विकेटों के साथ आरसीबी ने आईपीएल इतिहास में एक सीजन के दौरान पावरप्ले में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाली टीम बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया।
इस मुकाबले से पहले आईपीएल के एक सीजन में पावरप्ले के दौरान सबसे ज्यादा विकेट लेने का रिकॉर्ड 33 विकेट का था। यह रिकॉर्ड आरसीबी (2023) और मुंबई इंडियंस (2013) के नाम संयुक्त रूप से दर्ज था। हालांकि फाइनल में दो और विकेट हासिल करते ही आरसीबी ने इस आंकड़े को पीछे छोड़ते हुए 35 विकेट तक पहुंचकर नया कीर्तिमान स्थापित कर दिया।
दिलचस्प बात यह है कि गुजरात टाइटंस भी इस सीजन के पावरप्ले में अब तक 33 विकेट हासिल कर चुकी है। ऐसे में दूसरी पारी में यदि गुजरात की टीम तीन और विकेट लेने में सफल रहती है तो वह भी आरसीबी के इस रिकॉर्ड को पीछे छोड़ सकती है।
आईपीएल 2026 के फाइनल में आरसीबी के गेंदबाजों ने शुरुआत से ही गुजरात के बल्लेबाजों पर दबाव बनाए रखा। शुभमन गिल और साई सुदर्शन जैसे खतरनाक बल्लेबाजों को शुरुआती ओवरों में आउट कर टीम ने खिताबी मुकाबले में मजबूत पकड़ बनाने की दिशा में अहम कदम बढ़ाया। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या गुजरात इस रिकॉर्ड का जवाब दे पाएगी या आरसीबी का यह नया कीर्तिमान बरकरार रहेगा।
गुजरात टाइटंस: शुभमन गिल (कप्तान), बी साई सुदर्शन, जोस बटलर (विकेटकीपर), वाशिंगटन सुंदर, जेसन होल्डर, निशांत सिंधु, राहुल तेवतिया, राशिद खान, कगिसो रबाडा, अरशद खान, मोहम्मद सिराज।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, जैकब डफी, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम डार।