कुलदीप यादव (सोर्स- सोशल मीडिया)
दुबई: भारत के खिलाफ चैंपियंस ट्रॉफी के पांचवें मुकाबले में खेलते हुए पाकिस्तान की टीम ने 241 रन बनाए हैं। इस मैच में पाकिस्ता की तरफ से साउद शकील ने सबसे ज्यादा 62 रन बनाए तो भारत की तरफ से कुलदीप यादव ने सर्वाधिक 3 विकेट्स हासिल किए हैं। मैच में एक मौका ऐसा भी आया था जब कुलदीप हैट्रिक लगाने के करीब थे।
भारत के खिलाफ मैच में पाकिस्तान ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 47 रन पर अपने शुरुआती विकेट गंवा दिए थे, लेकिन तीसरे विकेट के लिए पाकिस्तान के कप्तान मोहम्मद रिजवान और सऊद शकील ने 104 रनों की शतकीय साझेदारी कर टीम को संभालने का काम किया और भारतीय टीम को मुश्किल में डाल दिया, लेकिन फिर जैसे ही रिजवान 44 रन बनाकर आउट हुए, भारतीय टीम पाकिस्तान पर हावी हो गई और इस टीम को बैकफुट पर धकेल दिया।
इस मैच में भारतीय ‘चाइनामैन’ ने पाकिस्तान के खिलाफ बेहतरीन गेंदबाजी की और इस दौरान वह हैट्रिक लेने से भी चूक गए। पाकिस्तान के खिलाफ 44वें ओवर की चौथी गेंद पर कुलदीप यादव ने सलमान आगा को 19 रन पर जडेजा के हाथों कैच आउट कराया, जबकि इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर उन्होंने शाहीन अफरीदी को शून्य के स्कोर पर एलबीडब्ल्यू आउट कर दिया। इस ओवर की आखिरी गेंद पर वह विकेट लेने से चूक गए और हैट्रिक लेने से चूक गए।
शाहीन अफरीदी को आउट करने के साथ ही कुलदीप यादव ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 300 विकेट भी पूरे कर लिए। कुलदीप यादव ने पाकिस्तान के खिलाफ मैच में 9 ओवर में 40 रन देकर 3 विकेट लिए और उन्होंने वनडे क्रिकेट में पाकिस्तान के खिलाफ 6 मैचों में 15 विकेट भी पूरे किए। कुलदीप यादव की पाकिस्तान के खिलाफ सर्वश्रेष्ठ गेंदबाजी वनडे में 25 रन देकर 5 विकेट रही है।
भारतीय ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या ने पाकिस्तान के खिलाफ इस मैच में 8 ओवर में 31 रन देकर 2 विकेट लिए और उन्होंने बाबर आजम और सऊद शकील के रूप में दो अहम विकेट लिए। इन 2 विकेट के साथ हार्दिक पांड्या ने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में अपने 200 विकेट भी पूरे किए। हार्दिक पांड्या के अब अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 4000 से ज्यादा रन और 200 से ज्यादा विकेट हो गए हैं।
क्रिकेट की अन्य ख़बरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें
आपको बता दें कि भारत और पाकिस्तान के बीच दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में लड़ी जा रही क्रिकेट की सबसे रोमांचक जंग में भारत के खिलाप पाक टीम पूरे 50 ओवर भी नहीं खेल सकी है। पाकिस्तानी टीम 49.4 ओवर में 241 रन के स्कोर पर ऑल आउट हो गई है। अब भारत को जीत के लिए 242 रन बनाने होंगे।