KL Rahul का 'सुपरमैन' अवतार, पंजाब के खिलाफ लपका चीते जैसा कैच, हवा में उड़कर बल्लेबाज के उड़ाए होश- VIDEO

KL Rahul: भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल इन दिनों रणजी ट्रॉफी खेल रहे हैं। पंजाब के खिलाफ दूसरी पारी में उन्होंने फील्डिंग के दौरान एक शानदार कैच लपका।
केएल राहुल ने रणजी ट्रॉफी पकड़ा कमाल का कैच
केएल राहुल (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

KL Rahul Catch Ranji Trophy: मोहाली के आईएस बिंद्रा पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन स्टेडियम में 29 जनवरी से पंजाब और कर्नाटक के बीच रणजी ट्रॉफी का रोमांचक मुकाबला खेला गया। इस मैच में भारतीय टीम के अनुभवी बल्लेबाज केएल राहुल भी कर्नाटक की ओर से खेलते नजर आए। वनडे और टेस्ट टीम का हिस्सा रहने वाले राहुल ने इस मुकाबले में बल्लेबाजी के साथ-साथ फील्डिंग में भी शानदार प्रदर्शन कर सुर्खियां बटोरीं।

केएल राहुल का लाजवाब कैच

मैच की दूसरी पारी में केएल राहुल ने फील्डिंग के दौरान एक गजब का कैच पकड़ा, जिसकी काफी चर्चा हो रही है। पंजाब की दूसरी पारी का 94वां ओवर कर्नाटक की ओर से विद्याधर पाटिल डाल रहे थे। ओवर की चौथी गेंद पर बल्लेबाज आयुष गोयल स्ट्राइक पर थे। पाटिल ने गुड लेंथ पर गेंद फेंकी, जिस पर गोयल ने शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन गेंद को सही टाइम नहीं कर पाए। गेंद बल्ले का किनारा लेकर स्लिप की दिशा में गई, जहां खड़े केएल राहुल ने फुर्ती दिखाते हुए शानदार कैच लपक लिया। इस कैच का वीडियो बीसीसीआई डॉमेस्टिक ने अपने आधिकारिक एक्स अकाउंट पर भी शेयर किया।

बल्ले से कैसा रहा केएल राहुल का प्रदर्शन

बल्लेबाजी की बात करें तो केएल राहुल का प्रदर्शन भी सराहनीय रहा। पंजाब के खिलाफ पहली पारी में उन्होंने बेहतरीन अर्धशतक जड़ा। राहुल ने 87 गेंदों का सामना करते हुए 9 चौकों की मदद से 59 रन बनाए। हालांकि, उन्हें हरप्रीत बरार ने बोल्ड कर पवेलियन भेज दिया। दूसरी पारी में राहुल बड़ी पारी नहीं खेल सके और 13 रन बनाकर आउट हो गए। इस बार उन्हें सुखदीप बाजवा ने अपना शिकार बनाया।

मुकाबले का पूरा हाल

इस रणजी ट्रॉफी मुकाबले में पंजाब ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। पहली पारी में पंजाब की टीम 309 रन पर सिमट गई। जवाब में कर्नाटक ने पहली पारी में 316 रन बनाए और 7 रन की अहम बढ़त हासिल की। दूसरी पारी में पंजाब की बल्लेबाजी एक बार फिर लड़खड़ा गई और पूरी टीम 256 रन पर ऑलआउट हो गई।

पंजाब से मिले 250 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए कर्नाटक ने चौथे दिन 5 विकेट रहते मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस जीत के साथ कर्नाटक ने रणजी ट्रॉफी में अपनी मजबूत दावेदारी पेश की, वहीं केएल राहुल का शानदार कैच और ऑलराउंड प्रदर्शन फैंस के लिए खास आकर्षण रहा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com