LSG से छूटा साथ, पर रिकॉर्ड अब भी बरकरार, 3 साल बाद भी कोई नहीं तोड़ पाया राहुल का ये बड़ा कीर्तिमान

KL Rahul IPL 2026: केएल राहुल 2025 से दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल रहे हैं, लेकिन आईपीएल में उनके सबसे ज्यादा रन लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए आए हैं और यह रिकॉर्ड अब तक कायम है।
KL Rahul vs LSG: लखनऊ का साथ छूटा, पर 'नवाबी' रिकॉर्ड अब भी बरकरार! 3 साल बाद भी कोई नहीं तोड़ पाया राहुल का ये 'विराट' कीर्तिमान
केएल राहुल (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

KL Rahul Record in IPL: भारतीय बल्लेबाज केएल राहुल अब आईपीएल में कप्तानी करते नजर नहीं आएंगे। इससे पहले वह पंजाब किंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स की अगुवाई कर चुके हैं। फिलहाल राहुल दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल रहे हैं, जहां टीम की कमान अक्षर पटेल के हाथों में है। हालांकि टीम बदलने के बावजूद राहुल का एक बड़ा रिकॉर्ड अब भी लखनऊ सुपर जायंट्स के नाम दर्ज है, जिसे अभी तक कोई खिलाड़ी नहीं तोड़ पाया है।

लखनऊ सुपर जायंट्स के पहले कप्तान बने थे राहुल

जब साल 2022 में लखनऊ सुपर जायंट्स ने आईपीएल में एंट्री की, तब केएल राहुल को टीम का पहला कप्तान बनाया गया था। फ्रेंचाइजी ने उन्हें बड़ी कीमत पर अपने साथ जोड़ा था। राहुल ने तीन सीजन तक टीम की कप्तानी की, लेकिन खिताब नहीं दिला सके। इसके बाद 2025 सीजन में उन्होंने दिल्ली कैपिटल्स का दामन थाम लिया। लखनऊ के लिए खेलते हुए राहुल ने 38 मैचों में 1410 रन बनाए, जो अपने आप में एक बड़ा आंकड़ा है।

एलएसजी के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड कायम

केएल राहुल आज भी लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं। टीम छोड़ने के बाद भी उनका यह रिकॉर्ड बरकरार है। इस सूची में दूसरे नंबर पर निकोलस पूरन हैं, जिन्होंने 43 मैचों में 1381 रन बनाए हैं। पूरन अब राहुल के इस रिकॉर्ड के बेहद करीब पहुंच चुके हैं। ऐसे में आईपीएल 2026 में यह रिकॉर्ड टूटने की पूरी संभावना जताई जा रही है, क्योंकि पूरन इस सीजन में भी लखनऊ के लिए खेलते नजर आएंगे।

आईपीएल करियर रहा शानदार

केएल राहुल ने साल 2013 में आईपीएल में डेब्यू किया था और उस समय वह रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर का हिस्सा थे। इसके बाद 2018 में वह पंजाब किंग्स से जुड़े और टीम की कप्तानी भी संभाली। 2022 में वह लखनऊ सुपर जायंट्स के साथ गए और अब 2025 से दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेल रहे हैं। अपने आईपीएल करियर में राहुल अब तक 145 मैचों में 5222 रन बना चुके हैं। उनका औसत करीब 46 का है और स्ट्राइक रेट 136 से ज्यादा का रहा है। ऐसे में इस सीजन भी उनसे शानदार प्रदर्शन की उम्मीद की जा रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com