केएल राहुल (फोटो-सोशल मीडिया)
नई दिल्ली: आईपीएल 2025 के 60वें मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स के लिए खेलते हुए केएल राहुल ने एक बड़ी उपलब्धि हासिल की। केएल राहुल ने भारत के लिए टी20 में सबसे तेज 8000 रन बनाकर इतिहास रच दिया है। उन्होंने यह कारनामा टी20 के 224वीं पारी में किया। इसके अलावा वो भारत के लिए 8000 रन बनाने वाले छठे बल्लेबाज बने।
आईपीएल के इस मुकाबले में केएल राहुल को 8000 रन पूरे करने के लिए केवल 33 रनों की जरूरत थी। उन्होंने पारी के छठे ओवर की पांचवीं गेंद पर छक्का लगाकर इस उपलब्धि को हासिल की। राहुल ने टी20 में अभी तक 237 मैच खेले हैं। इस दौरान उन्होंने 224 पारी में बल्लेबाजी की और वो इसके साथ ही 8000 रन के आंकड़े को पार किया है। इससे पहले भारत के लिए सबसे तेज 8000 रन पूरा करने का रिकॉर्ड विराट कोहली के नाम था।
विराट कोहली ने 243वीं पारियों में 8000 रनों का आंकड़ा पार किया था। उसके बाद शिखर धवन ने यह उपलब्धि 277वीं पारी में हासिल की थी। वहीं टी20 में सबसे तेज 8000 रन बनाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम है। क्रिस गेल ने 213 पारी में ऐसा करके इतिहास रच दिया है। इस सूची में दूसरे नंबर पर पाकिस्तान के बल्लेबाज बाबर आजम है, जिन्होंने 218 पारियों में ऐसा किया है।
राहुल ने टीम इंडिया के लिए अब तक खेले गए 72 टी20I मैचों में 2265 रन बनाए हैं, जबकि आईपीएल में उन्होंने पांच टीमों – दिल्ली कैपिटल्स, लखनऊ सुपर जायंट्स, पंजाब किंग्स, सनराइजर्स हैदराबाद और रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के लिए 143 मैचों में 5082 रन बनाए हैं। आईपीएल 2025 में राहुल ने डीसी के लिए 400 से अधिक रन बनाए हैं। वह दिल्ली स्थित फ्रैंचाइज़ी के लिए सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी हैं।