IPL 2026: पहली जीत की तलाश में भिड़ेंगे कोलकाता और हैदराबाद, जानिए क्या कहते हैं हेड टू हेड आंकड़ें

SRH vs KKR: आईपीएल 2026 में कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद की शुरुआत उम्मीद के मुताबिक नहीं रही है। अब दोनों टीमें आमने-सामने होंगी, जहां उनकी नजरें पहली जीत दर्ज करने पर टिकी होंगी।
KKR vs SRH: पहली जीत की तलाश में भिड़ेंगे कोलकाता और हैदराबाद, हेड-टू-हेड आंकड़ों में केकेआर का दबदबा भारी
सनराइजर्स हैदराबाद बनाम कोलकाता नाइट राइडर्स (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

Kolkata Knight Riders vs Sunrisers Hyderabad IPL 2026: इंडियन प्रीमियर लीग के 19वें सीजन की शुरुआत के साथ अब छठा मुकाबला कोलकाता के ईडन गार्डन्स स्टेडियम में खेला जाएगा, जहां कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद आमने-सामने होंगी। दोनों ही टीमों की इस सीजन की शुरुआत निराशाजनक रही है, ऐसे में यह मुकाबला उनके लिए काफी अहम बन गया है। दोनों टीमें इस मैच को जीतकर अंकतालिका में अपना खाता खोलने के इरादे से उतरेंगी।

खराब शुरुआत के बाद पहली जीत की तलाश

कोलकाता नाइट राइडर्स को अपने पहले मैच में मुंबई इंडियंस के खिलाफ 6 विकेट से करारी हार झेलनी पड़ी थी। टीम का प्रदर्शन उस मुकाबले में उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद का हाल भी कुछ ऐसा ही रहा, जहां उन्होंने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के खिलाफ 200 से ज्यादा का स्कोर खड़ा करने के बावजूद 6 विकेट से मैच गंवा दिया। अब दोनों टीमें इस मुकाबले में वापसी की कोशिश करेंगी और जीत के साथ अपने अभियान को पटरी पर लाना चाहेंगी।

हेड टू हेड में केकेआर का दबदबा

अगर दोनों टीमों के बीच अब तक के हेड टू हेड रिकॉर्ड की बात करें, तो इसमें कोलकाता नाइट राइडर्स का पलड़ा साफ तौर पर भारी रहा है। आईपीएल इतिहास में दोनों टीमों के बीच अब तक कुल 30 मुकाबले खेले गए हैं, जिनमें से केकेआर ने 20 मैचों में जीत हासिल की है। वहीं सनराइजर्स हैदराबाद की टीम सिर्फ 10 मुकाबले ही जीत सकी है। पिछले सीजन में दोनों टीमों के बीच 2 मुकाबले खेले गए थे, जिनमें दोनों ने एक-एक मैच जीतकर बराबरी बनाई थी।

ईडन गार्डन्स में केकेआर का जलवा

ईडन गार्डन्स स्टेडियम में भी कोलकाता नाइट राइडर्स का रिकॉर्ड सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ शानदार रहा है। इस मैदान पर दोनों टीमों के बीच कुल 11 मैच खेले गए हैं, जिनमें केकेआर ने 8 मुकाबले अपने नाम किए हैं। वहीं हैदराबाद की टीम सिर्फ 3 मैच ही जीत पाई है।

हालांकि, सनराइजर्स हैदराबाद ने आखिरी बार इस मैदान पर आईपीएल 2023 में केकेआर को हराया था, जब उन्होंने 23 रनों से जीत दर्ज की थी। ऐसे में यह मुकाबला काफी दिलचस्प होने वाला है, जहां एक तरफ केकेआर अपनी मजबूत रिकॉर्ड को बरकरार रखना चाहेगी, तो वहीं सनराइजर्स हैदराबाद पिछली हार का बदला लेने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।

Navbharat Live
navbharatlive.com