Kiran Powar बने असम टीम के नए मुख्य कोच, रणजी ट्रॉफी 2026-27 सत्र से संभालेंगे जिम्मेदारी

Kiran Powar: किरण पोवार को 2026-27 सत्र के लिए असम पुरुष टीम का मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। उन्होंने जिम्मेदारी संभालने पर खुशी जताई और टीम के साथ काम करने को लेकर उत्साह व्यक्त किया।
Assam Ranji Team Head Coach Kiran Powar
किरण पोवार (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Assam Ranji Team Head Coach Kiran Powar:  मुंबई और बड़ौदा के पूर्व प्रथम श्रेणी क्रिकेटर किरण पोवार को 2026-27 घरेलू सत्र के लिए असम पुरुष क्रिकेट टीम का नया मुख्य कोच नियुक्त किया गया है। इस बात की जानकारी किरण पोवार ने दिया है। बाएं हाथ के 50 वर्षीय पूर्व क्रिकेटर अब असम की सीनियर टीम के साथ अपने कोचिंग करियर का नया अध्याय शुरू करेंगे।

किरण पोवार ने अपने क्रिकेट करियर में मुंबई, बड़ौदा और असम जैसी टीमों का प्रतिनिधित्व किया है। घरेलू क्रिकेट में उन्होंने अपनी बल्लेबाजी से खास पहचान बनाई और 71 सीनियर स्तर के मुकाबलों (प्रथम श्रेणी और लिस्ट ए) में लगभग 3500 रन बनाए हैं। उनकी यह उपलब्धि उन्हें एक अनुभवी और तकनीकी रूप से मजबूत कोच के रूप में स्थापित करती है।

पूर्व भारतीय खिलाड़ी के भाई हैं किरण पोवार

किरण पोवार भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व ऑफ स्पिनर और भारतीय महिला टीम के पूर्व मुख्य कोच रमेश पोवार के बड़े भाई भी हैं। क्रिकेट परिवार से आने के बावजूद उन्होंने अपने दम पर घरेलू क्रिकेट में एक अलग पहचान बनाई और अब कोचिंग के क्षेत्र में भी अपनी नई भूमिका निभाने जा रहे हैं।

पहली बार संभालेंगे सीनियर टीम की जिम्मेदारी

पिछले घरेलू सत्र में किरण पोवार मुंबई की अंडर-23 टीम के प्रभारी थे। यह पहली बार होगा जब वे किसी सीनियर राज्य टीम के मुख्य कोच के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगे। असम क्रिकेट एसोसिएशन ने उन्हें 2026-27 सत्र के लिए यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है, जो टीम के भविष्य के दृष्टिकोण से एक महत्वपूर्ण निर्णय माना जा रहा है।

असम के कोच बनने के बाद किरण पोवार ने क्या कहा?

नियुक्ति के बाद किरण पोवार ने अपनी खुशी व्यक्त करते हुए कहा, “मुझे असम रणजी टीम का कोच बनाए जाने पर बेहद खुशी है। मैं इस टीम के साथ काम करने के लिए उत्साहित हूं और अपना सर्वश्रेष्ठ देने की कोशिश करूंगा।” उन्होंने यह भी बताया कि जब वह मुंबई अंडर-23 टीम के साथ सीके नायुडू ट्रॉफी के लिए असम आए थे, तब वे असम क्रिकेट एसोसिएशन के विजन और उनकी योजनाओं से काफी प्रभावित हुए थे। इसी कारण उन्होंने यह प्रस्ताव स्वीकार किया।

MCA का आभार व्यक्त किया

किरण पोवार ने मुंबई क्रिकेट संघ और उसके अध्यक्ष अजिंक्य नाइक का भी आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, “एमसीए और अध्यक्ष अजिंक्य नाइक का मैं दिल से धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने कठिन समय में मेरा समर्थन किया। मैं भारी मन से मुंबई छोड़ रहा हूं, क्योंकि मेरी क्रिकेट यात्रा की नींव यहीं रखी गई थी।” अपने बयान में उन्होंने यह भी स्वीकार किया कि आज वे जिस मुकाम पर हैं, उसमें मुंबई क्रिकेट का बड़ा योगदान रहा है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com