Mumbai Cricket Association: अजिंक्य नाइक फिर बने मुंबई क्रिकेट के बॉस, फडणवीस और पवार दोनों के करीबी

MCA Election: अजिंक्य नाइक दूसरी बार मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष बने हैं। इस पद के लिए अन्य उम्मीदवारों ने नामांकन वापस ले लिया, जिससे उनका चयन निर्विरोध हुआ।
Mumbai Cricket Association: अजिंक्य नाइक फिर बने मुंबई क्रिकेट के बॉस, फडणवीस और पवार दोनों के करीबी
अजिंक्य नाइक फिर बने Mumbai Cricket Association के बॉस (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

MCA President Ajinkya Naik: मुंबई क्रिकेट एसोसिएशन (MCA) में एक बार फिर बड़ा बदलाव देखने को मिला है। अजिंक्य नाइक को दूसरी बार एमसीए का अध्यक्ष चुना गया है। खास बात यह रही कि उनका चुनाव निर्विरोध हुआ। अजिंक्य नाइक को महाराष्ट्र के सीएम देवेंद्र फडणवीस और वरिष्ठ नेता शरद पवार दोनों का करीबी माना जाता है। उनके अध्यक्ष बनने के बाद अब एमसीए में उपाध्यक्ष, सचिव, संयुक्त सचिव और कोषाध्यक्ष के पदों के लिए चुनाव होने वाले हैं।

अब इन पदों पर होगी टक्कर

एमसीए में अब अन्य महत्वपूर्ण पदों के लिए मुकाबला दिलचस्प रहने वाला है। उपाध्यक्ष पद के लिए जितेंद्र आव्हाड और नवीन शेट्टी के बीच सीधी टक्कर होगी। सचिव पद पर शाह आलम शेख और डॉ. उन्मेष खानविलकर आमने-सामने हैं। संयुक्त सचिव के लिए गौरव पयाडे और निलेश भोसले के बीच मुकाबला होगा, जबकि कोषाध्यक्ष पद पर अर्मान मलिक और सुरेंद्र शेवाले के बीच कांटे की टक्कर है।

अमोल काले के निधन के बाद संभाली थी कमान

अमोल काले के निधन के बाद जुलाई 2024 में अजिंक्य नाइक को एमसीए का अध्यक्ष चुना गया था। उस समय वे सबसे युवा अध्यक्ष बने थे। उन्होंने उस चुनाव में संजय नाइक को 107 मतों से हराया था। अजिंक्य नाइक को 221 वोट मिले थे, जबकि उनके प्रतिद्वंदी संजय नाइक को 114 वोट मिले थे।

एमसीए में अजिंक्य नाइक का सफर

  • 2019-2022: कार्यकारी सदस्य
  • 2022-2024: सचिव
  • 2024-2025: अध्यक्ष

उद्धव ठाकरे गुट और बीजेपी नेताओं ने वापस लिया नाम

उपाध्यक्ष पद के लिए उद्धव ठाकरे के करीबी मिलिंद नार्वेकर ने भी आवेदन किया था, लेकिन बाद में उन्होंने अपना नाम वापस ले लिया। बीजेपी के एमएलसी प्रसाद लाड ने भी नामांकन वापस ले लिया। इससे मुकाबला सीधे शरद पवार समर्थक जितेंद्र आव्हाड और नवीन शेट्टी के बीच रह गया है।

अजिंक्य नाइक बोले- एमसीए परिवार है

निर्विरोध चुने जाने के बाद अजिंक्य नाइक ने कहा कि उन्हें यह दूसरा मौका सीएम देवेंद्र फडणवीस और शरद पवार के सहयोग से मिला है। उन्होंने कहा, “एमसीए एक परिवार है। यहां चुनाव होते हैं, बहस होती है, लेकिन आखिर में हम सब क्रिकेट के लिए साथ काम करते हैं।” उन्होंने आगे कहा कि सीएम फडणवीस ने नए वानखेड़े स्टेडियम का जो वादा किया है, उसे पूरा करने की दिशा में एमसीए जल्द कदम उठाएगा।

Navbharat Live
navbharatlive.com