दलीप ट्रॉफी में झारखंड के स्पिनर मनीषी ने रचा इतिहास, ऐसा कारनामा करने वाले भारत के पहले खिलाड़ी बने

Jharkhand Spinner Manishi: झारखंड के स्पिनर मनीषी ने दलीप ट्रॉफी में शानदार गेंदबाजी करते हुए 6 विकेट चटकाए। सभी विकेट एलबीडब्ल्यू के रूप में लिया। वो ऐसा करना वाले भारत के पहले खिलाड़ी बन गए हैं।
दलीप ट्रॉफी में झारखंड के स्पिनर मनीषी ने रचा इतिहास, ऐसा कारनामा करने वाले भारत के पहले खिलाड़ी बने
मनीषी (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Jharkhand Spinner Manishi On Duleep Trophy Debut: दलीप ट्रॉफी 2025 के क्वार्टर फाइनल में ईस्ट जोन के लिए खेलने वाले झारखंड के स्पिनर मनीषी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए एक वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है। मनीषी को पहली बार दलीप ट्रॉफी के लिए चुना गया। उन्होंने अपने डेब्यू मुकाबले में 6 विकेट चटकाए। नॉर्थ जोन के बल्लेबाजों की शानदार बल्लेबाजी के बावजूद भी मनीषी ने ईस्ट जोन की उम्मीदों को जिंदा रखा।

दलीप ट्रॉफी में ईस्ट जोन के लिए खेलते हुए मनीषी ने 22.2 ओवर में 111 देकर 6 विकेट चटकाए। इसके साथ ही उन्होंने एक अनोखा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। बाएं हाथ के स्पिनर मनीषी ने एक पारी में 6 बल्लेबाजों को एलबीडब्ल्यू आउट करने के वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी कर ली है।

6 एलबीडब्ल्यू विकेट लेने वाले भारत के पहले खिलाड़ी बने

21 वर्षीय मनीषी फर्स्ट क्लास क्रिकेट के इतिहास में एक पारी में 6 एलबीडब्ल्यू आउट करने वाले भारत के पहले गेंदबाज बन गए हैं। वहीं मनीषी वर्ल्ड क्रिकेट में ऐसा कारनामा करने वाले दुनिया के छठे गेंदबाज बन गए हैं। मनीषी ने शुभम खजूरिया (26), अंकित कुमार (30), यश ढुल (39), कन्हैया वधावन (76), नबी (44) और हर्षित राणा (7) को एलबीडब्ल्यू आउट किया। उन्होंने हर्षित राणा को आउट करते ही यह उपलब्धि हासिल की है।

इन पांच गेंदबाजों ने पहले ही बनाया है ये रिकॉर्ड

इससे पहले पांच गेंदबाज़ों ने अपने करियर में यह अनोखा रिकॉर्ड बनाया है और टेस्ट क्रिकेट में सर्वोच्च स्तर पर अपने देशों का प्रतिनिधित्व किया है। जिसमें इंग्लैंड के ओली रॉबिन्सन (2021) और मार्क इलोट (1995), श्रीलंका के चमिंडा वास (2005) और पाकिस्तान के ताबिश खान (2011) शामिल हैं। मनीषी को उम्मीद है कि दलीप ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के बाद भविष्य में उन्हें भारतीय टीम के लिए खेलने का मौका मिलेगा।

प्रथम श्रेणी पारी में किसी गेंदबाज द्वारा सर्वाधिक LBW आउट

एलबीडब्ल्यू की संख्या खिलाड़ी टीम विरुद्ध स्थान वर्ष
6 मार्क इलॉट एसेक्स नॉर्थम्पटनशायर वारडाउन पार्क, लूटन 1995
6 चामिंडा वास वेस्टर्न प्रोविंस सदर्न प्रोविंस आर प्रेमदासा स्टेडियम, कोलंबो 2005
6 तबिश खान कराची व्हाइट्स खान रिसर्च लेबोरेट्रीज नेशनल बैंक ऑफ पाकिस्तान स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स, कराची 2011
6 ओली रॉबिनसन ससेक्स ग्लैमरगन सोफिया गार्डन्स, कार्डिफ़ 2021
6 क्रिस राइट लीसेस्टरशायर ग्लॉस्टरशायर काउंटी ग्राउंड, ब्रिस्टल 2021
6 मनीषी ईस्ट जोन नॉर्थ जोन COE ग्राउंड 1, बेंगलुरु 2025

मनीषी जमशेदपुर में जन्मे एक युवा क्रिकेट खिलाड़ी हैं। वह बाएं हाथ के स्पिन गेंदबाज हैं। उन्होंने बहुत कम समय में अपने शानदार प्रदर्शन से चयनकर्ताओं को प्रभावित किया और ईस्ट जोन की टीम में जगह बना ली। मनीषी ने पिछले तीन साल में सिर्फ 9 फर्स्ट-क्लास मैच खेले हैं, लेकिन जब भी खेले हैं, टीम के लिए अहम भूमिका निभाई है। पिछले रणजी ट्रॉफी सीजन में उन्होंने 22 विकेट लिए और उनका औसत 27.22 रहा।

दलीप ट्रॉफी में खेलते हुए मनीषी ने अपने पहले ही मैच में छह विकेट लिए। यह उनका पहला पांच विकेट हॉल भी है। इससे पहले उन्होंने तमिलनाडु के खिलाफ 99 रन देकर 4 विकेट चटकाए थे। इसके अलावा मनीषी ने भारत की अंडर-19 टीम की तरफ से भी खेला है और साउथ अफ्रीका के खिलाफ चार दिवसीय मैच में 7 विकेट झटके थे।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com