चैंपियन ही नहीं इन टीमों को भी मिलेंगे करोड़ों रुपये, महिला वर्ल्ड कप के लिए प्राइज मनी का ऐलान

ICC Women's World Cup Prize Money: आईसीसी ने महिला वर्ल्ड कप के प्राइज मनी का ऐलान कर दिया है। इस वर्ल्ड में विजेता होने वाली टीम को लगभग 40 करोड़ रुपये मिलेंगे।
चैंपियन ही नहीं इन टीमों को भी मिलेंगे करोड़ों रुपये, महिला वर्ल्ड कप के लिए प्राइज मनी का ऐलान
महिला वर्ल्ड कप (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

ICC Women's World Cup Prize Money: अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (ICC) ने भारत और श्रीलंका में होने वाले आगामी महिला वर्ल्ड कप के लिए पुरस्कार राशि की घोषणा कर दी है। आईसीसी ने महिला वर्ल्ड कप के प्राइज मनी में दोगुना बढ़ोतरी की है। इसके साथ ही महिला वर्ल्ड कप के प्राइज मनी ICC पुरुष क्रिकेट विश्व कप 2023 की पुरस्कार राशि से कहीं अधिक है। वर्ल्ड कप 2023 में कुल पुरस्कार राशि 10 मिलियन डॉलर थी।

आईसीसी ने प्राइज मनी में बढ़ोतरी करते हुए बताया कि महिला वर्ल्ड कप 2025 में कुल पुरस्कार की राशि 13.88 मिलियन डॉलर (अमेरिकी डॉलर) होगी। जो इस साल की शुरुआत में अपना पहला IPL खिताब जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु द्वारा जीती गई पुरस्कार राशि से दोगुनी है। आईपीएल में विजेता टीम को 20 करोड़ रुपये का इनाम दिया गया था। वहीं महिला वर्ल्ड कप में विजेता टीम को 40 करोड़ रुपये दिए जाएंगे।

महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप के 13वें संस्करण की पुरस्कार राशि

स्थान / प्रदर्शन डॉलर में राशि भारतीय रुपये में राशि
 विजेता टीम $4.48 मिलियन ₹39,54,00,294
 उपविजेता टीम $2.24 मिलियन ₹19,77,11,314
सेमीफाइनल हारने वाली दोनों टीमें (प्रत्येक) $1.12 मिलियन ₹9,88,57,926
ग्रुप चरण में भाग लेने वाली प्रत्येक टीम $250,000 ₹2,20,66,501
ग्रुप चरण में प्रत्येक जीत पर $34,314 ₹30,28,794
5वें और 6वें स्थान पर रहने वाली टीमें (प्रत्येक) $700,000 ₹6,17,86,900
7वें और 8वें स्थान पर रहने वाली टीमें (प्रत्येक) $280,000 ₹2,47,14,765
  1.  महिला क्रिकेट विश्व कप के 13वें संस्करण की विजेता टीम को 4.48 मिलियन डॉलर (39,54,00,294 रुपये) की पुरस्कार राशि मिलेगी; जो 2022 में ऑस्ट्रेलिया को दी गई 1.32 मिलियन डॉलर की पुरस्कार राशि से 239 प्रतिशत अधिक है।
  2. उपविजेता टीम को 2.24 मिलियन डॉलर (19,77,11,314 रुपये) मिलेंगे, जो तीन साल पहले इंग्लैंड द्वारा जीते गए 600,000 डॉलर की तुलना में 273 प्रतिशत अधिक है।
  3. हारने वाली दोनों सेमीफाइनलिस्ट टीमों को 1.12 मिलियन डॉलर (9,88,57,926 रुपये) मिलेंगे।
  4. ग्रुप चरण में प्रत्येक प्रतिभागी को 250,000 डॉलर (2,20,66,501 रुपये) मिलेंगे।
  5. ग्रुप चरण में प्रत्येक विजेता को 34,314 डॉलर (30,28,794 रुपये) मिलेंगे।
  6. पांचवें और छठे स्थान पर रहने वाली टीमों को 700,000 डॉलर (6,17,86,900 रुपये) मिलेंगे।
  7. सातवें और आठवें स्थान पर आने वाली टीमों को 280,000 डॉलर (2,47,14,765 रुपये) मिलेंगे।

मील का पत्थर साबित होगा महिला वर्ल्ड कप

आईसीसी अध्यक्ष जय शाह ने कहा कि पुरस्कार राशि में यह बढ़ोतरी 'महिला क्रिकेट के सफर में एक निर्णायक मील का पत्थर' साबित होगा।इनामी राशि में यह चार गुना बढ़ोतरी महिला क्रिकेट के लिए एक ऐतिहासिक पल है और यह दिखाता है कि हम इसके लंबे समय तक विकास के लिए पूरी तरह से प्रतिबद्ध हैं। हमारा साफ संदेश है कि अगर कोई महिला क्रिकेट को पेशेवर रूप से चुनती है, तो उसे पुरुषों के बराबर सम्मान और सुविधाएं मिलेंगी।

उन्होंने कहा कि इनामी राशि में बढ़ोतरी यह दिखाती है कि हम ICC महिला क्रिकेट विश्व कप को विश्व स्तर का बनाना चाहते हैं और नई पीढ़ी के खिलाड़ियों और दर्शकों को प्रेरित करना हमारा लक्ष्य है। महिला क्रिकेट तेजी से आगे बढ़ रही है, और हमें भरोसा है कि इस कदम से यह रफ्तार और तेज होगी।

उन्होंने आगे कहा कि हम सभी संबंधित लोगों फैंस, मीडिया, साझेदारों और सदस्य बोर्ड्स से अपील करते हैं कि वे महिला क्रिकेट का समर्थन करें और यह सुनिश्चित करें कि इसे वह सम्मान और पहचान मिले, जिसकी ये खिलाड़ियां हकदार है।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com