‘कर दिखाया…’, जम्मू-कश्मीर के रणजी ट्रॉफी चैंपियन बनने पर CM उमर अब्दुल्ला ने दी बधाई
Ranji Trophy: जम्मू और कश्मीर क्रिकेट टीम ने पहली बार रणजी ट्रॉफी जीतकर इतिहास रचा। फाइनल में कर्नाटक क्रिकेट टीम पर पहली पारी की बढ़त से खिताब जीता। राज्य के मुख्यमंत्री ने जीत पर बधाई दी है।
- Written By: उज्जवल सिन्हा
उमर अब्दुल्लाह (फोटो-सोशल मीडिया)
Jammu-Kashmir Won Ranji Trophy: जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम ने इतिहास रच दिया है। फाइनल में आठ बार की चैंपियन कर्नाटक को पछाड़ते हुए जम्मू-कश्मीर ने पहली बार रणजी ट्रॉफी का खिताब अपने नाम कर लिया है। जम्मू-कश्मीर के चैंपियन बनने पर पूरे राज्य में हर्ष का माहौल है। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने टीम को बधाई दी है।
उमर अब्दुल्ला ने एक्स पर जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम का जश्न मनाते हुए एक वीडियो पोस्ट करते हुए लिखा, ‘कर दिखाया, वेलडन जम्मू-कश्मीर’। इस मुकाबले के पांचवें और अंतिम दिन जम्मू कश्मीर की टीम का हौसला बढ़ाने के लिए मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला भी केएससीए क्रिकेट स्टेडियम के स्टैंड में मौजूद थे। उन्होंने जम्मू-कश्मीर की जीत के बाद खिलाड़ियों को बधाई दी।
They’ve done it. Well done J&K. #ranjitrophy2026 #RanjiTrophyFinal pic.twitter.com/COVBOl5j6J — Omar Abdullah (@OmarAbdullah) February 28, 2026
सम्बंधित ख़बरें
एशियाई खेलों कप्तानी नहीं करेंगे सूर्यकुमार, लक्ष्मण होंगे टीम के हेड कोच, 30 खिलाड़ियों की लांग लिस्ट तैयार
अब चश्मा लगाकर घूम नहीं सकेंगे क्रिकेटर्स… BCCI ने IPL फाइनल से पहले लिया बड़ा फैसला, बताई ये वजह
अरुण धूमल का बड़ा बयान, IPL को लेकर BCCI का बड़ा मास्टरप्लान, अगले साल मार्च से मई तक नहीं होंगे मुकाबले?
भारत के नक्शे से जम्मू कश्मीर गायब…BCCI के ब्लंडर से सोशल मीडिया पर मचा बवाल! तस्वीरें हो रहीं वायरल
मुकाबले का हाल
मैच की बात करें तो हुबली के डी.आर. बेंद्रे क्रिकेट स्टेडियम में कर्नाटक के खिलाफ खेले गए मुकाबले में जम्मू-कश्मीर ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया था। शुभम पुंडिर के 121, यावेर हसन खान के 88, साहिल लोतरा के 72, कन्हैया वधावन के 70, और कप्तान पारस डोगरा के 70 रन की बदौलत जम्मू-कश्मीर ने पहली पारी में 584 रन बनाए थे।
कर्नाटक की पहली पारी 293 रनों पर सिमटी
कर्नाटक की पहली पारी 293 रन पर समाप्त हो गई थी। कर्नाटक के लिए कप्तान मयंक अग्रवाल ने 160 रन की पारी खेली थी। इसके अलावा कोई भी बल्लेबाज क्रीज पर नहीं टिक सका। जम्मू-कश्मीर के लिए औकिब नबी ने 5, सुनील कुमार और युदवीर सिंह ने 2-2, जबकि साहिल लोतरा ने 1 विकेट लिया।
यह भी पढ़ें: ‘कर दिखाया…’ : जम्मू-कश्मीर के रणजी ट्रॉफी चैंपियन बनने पर CM उमर अब्दुल्ला ने दी बधाई
दूसरी पारी में भी कर्नाटक के गेंदबाज विकेट के लिए तरसे
पहली पारी में 291 रन की बड़ी बढ़त लेने वाली जम्मू-कश्मीर ने दूसरी पारी में 11 रन पर 2 विकेट गंवाने के बावजूद जोरदार वापसी की और दमदार बल्लेबाजी की। दूसरी पारी जम्मू-कश्मीर ने 4 विकेट पर 342 रन बनाकर घोषित की। सलामी बल्लेबाज कामरान इकबाल 160 और साहिल लोतरा 101 रन पर नाबाद रहे। दोनों के बीच 197 रन की नाबाद साझेदारी हुई। साहिल का शतक पूरा होते ही कप्तान पारस डोगरा ने पारी घोषित कर दी।
इसके बाद मैच को ड्रॉ घोषित किया गया और पहली पारी में मिली बढ़त के आधार पर जम्मू-कश्मीर को चैंपियन चुना गया। शुभम पुंडीर प्लेयर ऑफ द मैच रहे, जबकि आकिब नबी प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट रहे।
