ईशान किशन रणजी ट्रॉफी के पहले ही मैच में कर गए खेला! शतक लगाकर Team India में वापसी के लिए ठोका दावा

Ishan Kishan Century: रणजी ट्रॉफी 2025-26 में विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने पहले मैच में शानदार शतक जड़ा। दो साल बाद टीम इंडिया से बाहर होने के बाद उन्होंने धमाकेदार वापसी की।
ईशान किशन रणजी ट्रॉफी के पहले ही मैच में कर गए खेला! शतक लगाकर Team India में वापसी के लिए ठोका दावा
ईशान किशन (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Ishan Kishan News: रणजी ट्रॉफी 2025-26 का नया सीजन 15 अक्टूबर से शुरू हो गया है। एलीट ग्रुप ए में झारखंड और तमिलनाडु के बीच रोमांचक मुकाबला कोयम्बटूर के श्री रामकृष्ण कॉलेज ऑफ आर्ट्स एंड साइंस ग्राउंड में चल रहा है। झारखंड के कप्तान और विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन ने इस मैच में बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए अपने बल्ले का जलवा दिखाया। टीम इंडिया से लंबे समय से दूर चल रहे ईशान ने पहले मैच में शतक लगाकर सबका ध्यान अपनी ओर खींचा।

ईशान किशन का शतक

झारखंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। पांचवें नंबर पर बल्लेबाजी करने उतरे ईशान किशन ने धुआंधार पारी खेली और नाबाद 124 रन बनाए। इस दौरान उन्होंने 14 चौके और 2 छक्के लगाए। ईशान की पारी ने टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचा दिया। उनके शानदार खेल ने दर्शकों और क्रिकेट विशेषज्ञों दोनों का ध्यान आकर्षित किया। यह शतक उनके क्रिकेट करियर में एक अहम मोड़ साबित होगा क्योंकि वह लंबे समय से टीम इंडिया का हिस्सा नहीं हैं और वापसी की राह तलाश रहे हैं।

2023 से हैं बाहर

ईशान किशन ने 2023 में टीम इंडिया के लिए आखिरी मैच खेला था। यह मैच ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ गुवाहाटी में टी20 मुकाबला था। इसके बाद उन्होंने साउथ अफ्रीका दौरे से पहले ब्रेक लिया, और तब से टीम इंडिया में उनका नाम नहीं है। उन्होंने अपने करियर में भारत के लिए 2 टेस्ट, 27 वनडे और 32 टी20 मैच खेले हैं। टेस्ट में उनका नाम 78 रन दर्ज हैं, वनडे में 933 और टी20 में 796 रन दर्ज हैं।

आईपीएल में हालिया प्रदर्शन

आईपीएल 2025 के मेगा ऑक्शन से पहले ईशान किशन को मुंबई इंडियंस ने रिलीज कर दिया था। इसके बाद नीलामी में सनराइजर्स हैदराबाद ने उन्हें 11.25 करोड़ रुपये में खरीदा। पिछले सीजन में उन्होंने 14 मैचों में एक सेंचुरी और एक हाफ सेंचुरी के साथ कुल 354 रन बनाए थे।

ईशान किशन का रणजी ट्रॉफी में यह शतक उनकी फॉर्म और आत्मविश्वास को दर्शाता है। लंबे समय से टीम इंडिया से बाहर रहने के बाद इस प्रदर्शन से साफ हो गया है कि किशन वापसी के लिए तैयार हैं और आने वाले दिनों में भारतीय क्रिकेट के लिए फिर से महत्वपूर्ण योगदान दे सकते हैं।

Navbharat Live
navbharatlive.com