IND vs SL: भारत ने सुपर ओवर में मारी बाजी, इरफान पठान ने बताया फैंस के लिए सबसे यादगार मुकाबला

Asia Cup, India vs Sri Lanka: पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने इस मुकाबले को एशिया कप के इतिहास का सबसे रोमांचक मैच करार दिया। यह मैच दर्शकों के लिए किसी थ्रिलर से कम नहीं था।
सुपर ओवर में जीता भारत, इरफान पठान ने बताया एशिया कप का सबसे रोमांचक मुकाबला
इरफान पठान (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

India vs Sri Lanka: एशिया कप 2025 के सुपर-4 राउंड के अंतिम मुकाबले में टीम इंडिया ने श्रीलंका के खिलाफ बेहद रोमांचक मुकाबले के बाद सुपर ओवर में जीत दर्ज की। यह मैच दर्शकों के लिए किसी थ्रिलर से कम नहीं था और अंतिम गेंद तक मुकाबला रोमांचक बना रहा। पूर्व भारतीय ऑलराउंडर इरफान पठान ने इस मुकाबले को एशिया कप के इतिहास का सबसे रोमांचक मैच करार दिया।

उनका कहना है कि मैच की गति, सुपर ओवर तक की जद्दोजहद और खिलाड़ियों के अद्भुत प्रदर्शन ने इस मुकाबले को यादगार बना दिया। भारत की टीम ने न केवल शानदार बल्लेबाजी और तेज गेंदबाजी दिखाई, बल्कि फील्डिंग में भी अपने बेहतरीन कौशल का प्रदर्शन किया। इस जीत ने भारत को सुपर-4 में मजबूत स्थिति में पहुंचाया और फैंस को लंबे समय तक रोमांच का अनुभव दिया।

एशिया कप का सबसे रोमांचक मुकाबला- इरफान पठान

इरफान पठान ने 'एक्स' पर लिखा, "माना जा रहा था कि मैच खत्म हो गया है, लेकिन हमें एशिया कप का सबसे रोमांचक मुकाबला देखने को मिला।" मैच के दौरान स्टेडियम में मौजूद फैंस अपनी सीट से चिपके हुए थे। अंतिम ओवरों की एक-एक गेंद फैंस के दिलों की धड़कनें बढ़ा रही थी।

मुकाबले के बाद एक फैन ने स्टेडियम के बाहर आईएएनएस को बताया, "सच कहूं तो मैं एक सुकून भरे मैच की उम्मीद लेकर आया था, लेकिन इस मुकाबले ने मुझे पागलों की तरह चीखने पर मजबूर कर दिया। यह इतिहास के पन्नों में दर्ज होने वाला मैच है!"

श्रीलंकाई फैंस ने भी इस रोमांचक मुकाबले को सराहा है। एक फैन ने आईएएनएस से कहा, "भारत और श्रीलंका को सलाम। यह एक शानदार मैच था, लेकिन सच कहूं तो मेरा दिल अभी भी तेजी से धड़क रहा है!"

मैच का हाल

दुबई इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में शुक्रवार को खेले गए मुकाबले में भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 5 विकेट खोकर 202 रन बनाए। टीम इंडिया की ओर से सलामी बल्लेबाज अभिषेक शर्मा ने 31 गेंदों में सर्वाधिक 61 रन जुटाए, जबकि तिलक वर्मा ने 49 रन की नाबाद पारी खेली।

इसके जवाब में श्रीलंकाई टीम भी 20 ओवरों में 5 विकेट खोकर 202 रन ही बना सकी। श्रीलंका की तरफ से पथुम निसांका ने 107 रन बनाए, जबकि कुसल परेरा ने 58 रन की पारी खेली। मैच सुपर ओवर में पहुंचा, जहां श्रीलंकाई टीम सिर्फ 2 ही रन बना सकी। भारत ने पहली ही गेंद पर 3 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम किया।

टीम इंडिया के लिए यह मुकाबला फाइनल से पहले तैयारियों को पुख्ता करने का मौका था। अब भारतीय टीम रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ खिताबी मैच में उतरेगी। टीम इंडिया एशिया कप 2025 में पाकिस्तान को दो बार शिकस्त दे चुकी है।

एजेंसी इनपुट के साथ

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com