Team India के आयरलैंड दौरे पर चमकेगी इन 3 युवाओं की किस्मत! वैभव सूर्यवंशी की एंट्री से कटेगा किसका पत्ता

Ireland vs India: आयरलैंड और भारत के बीच 26 जून से दो मैचों की टी20 सीरीज खेली जानी है। इस दौरान वैभव सूर्यवंशी समेत कुछ अन्य खिलाड़ी भारत के लिए T20I डेब्यू कर सकते हैं।
The fortunes of these 3 youngsters are set to shine during Team India's tour of Ireland! Who will lose their spot due to Vaibhav Suryavanshi's entry?
भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

Ireland vs India T20I Series: भारत और आयरलैंड के बीच दो मैचों की टी20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज का आगाज 26 जून से बेलफास्ट में होने जा रहा है। टी20 विश्व कप 2026 का खिताब जीतने के बाद भारतीय टीम पहली बार मैदान पर उतरेगी और इस सीरीज के जरिए अगले विश्व कप की तैयारियों की शुरुआत भी करेगी। श्रेयस अय्यर की कप्तानी में टीम इंडिया युवा खिलाड़ियों को परखने की रणनीति अपना सकती है, जिससे कुछ नए चेहरों को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कदम रखने का मौका मिल सकता है।

वैभव सूर्यवंशी को मिल सकता है मौका

महज 15 साल के वैभव सूर्यवंशी ने पिछले कुछ महीनों में अपने प्रदर्शन से क्रिकेट जगत का ध्यान अपनी ओर खींचा है। आईपीएल 2026 में उनकी आक्रामक बल्लेबाजी और ट्राई नेशन सीरीज में लगातार रन बनाने की क्षमता ने चयनकर्ताओं को प्रभावित किया है। ऐसे में टीम प्रबंधन उन्हें प्लेइंग इलेवन में शामिल कर अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आजमाने का फैसला ले सकता है। अगर वैभव को मौका मिलता है तो वह भारत के बल्लेबाजी क्रम में नई ऊर्जा ला सकते हैं। साथ ही इंग्लैंड के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज से पहले टीम प्रबंधन को उनकी क्षमता का आकलन करने का अवसर भी मिलेगा।

सूर्यांश शेडगे के ऑलराउंड खेल पर भरोसा

नीतीश कुमार रेड्डी के चोटिल होने के बाद टीम में शामिल किए गए सूर्यांश शेडगे भी डेब्यू के मजबूत दावेदार माने जा रहे हैं। 23 वर्षीय इस खिलाड़ी ने आईपीएल 2026 में तेज बल्लेबाजी के साथ-साथ उपयोगी गेंदबाजी कर अपनी अलग पहचान बनाई थी। इसके बाद इंडिया ए की ट्राई नेशन सीरीज में भी उन्होंने बल्ले और गेंद दोनों से प्रभावशाली प्रदर्शन किया। लोअर ऑर्डर में तेजी से रन बनाने की उनकी क्षमता टीम के लिए बड़ा हथियार साबित हो सकती है। इसके अलावा जरूरत पड़ने पर वह कुछ ओवर गेंदबाजी करके कप्तान के लिए अतिरिक्त विकल्प भी उपलब्ध करा सकते हैं।

प्रिंस यादव पर भी टिकी रहेंगी निगाहें

तेज गेंदबाज प्रिंस यादव ने आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए लगातार शानदार प्रदर्शन किया था। वह टीम के सबसे सफल गेंदबाजों में शामिल रहे और अपनी गति व सटीक लाइन-लेंथ से बल्लेबाजों को लगातार परेशान करते नजर आए। अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज में भी उन्होंने अपनी उपयोगिता साबित की थी। ऐसे में आयरलैंड दौरे पर उन्हें टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण करने का मौका मिल सकता है। यदि उन्हें अंतिम एकादश में जगह मिलती है तो टीम इंडिया को नई गेंद के साथ विकेट दिलाने और बीच के ओवरों में दबाव बनाने की जिम्मेदारी निभानी होगी।

युवा खिलाड़ियों को तैयार करने की दिशा में यह सीरीज भारतीय टीम के लिए काफी अहम मानी जा रही है। ऐसे में वैभव सूर्यवंशी, सूर्यांश शेडगे और प्रिंस यादव जैसे प्रतिभाशाली खिलाड़ियों के पास खुद को साबित करने और भविष्य की भारतीय टीम में अपनी जगह मजबूत करने का सुनहरा अवसर होगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com