वैभव सूर्यवंशी (फोटो- सोशल मीडिया)
Vaibhav Sooryavanshi Viral Video: आईपीएल 2026 में राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज वैभव सूर्यवंशी एक बार फिर चर्चा में आ गए हैं। मुंबई इंडियंस के खिलाफ खेले गए मुकाबले में उन्होंने सिर्फ 14 गेंदों पर 39 रन की विस्फोटक पारी खेली। इस दौरान उनके बल्ले से 1 चौका और 5 शानदार छक्के निकले। खास बात यह रही कि उन्होंने दुनिया के बेहतरीन तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के ओवर में भी दो गगनचुंबी छक्के जड़कर सभी को चौंका दिया।
इस शानदार पारी के बावजूद वैभव अपनी इनिंग को लंबा नहीं खींच सके। आउट होने के बाद वह काफी भावुक नजर आए। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे वीडियो में वह पवेलियन लौटते समय रोते हुए दिख रहे हैं। इतना ही नहीं, वह निराशा में अपना बल्ला जमीन पर पटकते हुए भी नजर आए। यह दृश्य दर्शाता है कि युवा खिलाड़ी अपने प्रदर्शन को लेकर कितने जुनूनी हैं और बड़ी पारी न खेलने का उन्हें कितना मलाल है।
ये सच में बच्चा है पहले सामने वाले बॉलर को छक्के और छक्के मारकर रुलाता हे फिर आउट होने पर खुद रोता हाथी घोड़े पालकी खेलने की उम्र में वर्ल्ड बेस्ट
बॉलर के जज्बात से खेलता है बच्चा है दो बार बैटिंग तो देनी चाहिए 😅 pic.twitter.com/9ql7MZYCvk — Rakesh 2.0 🇮🇳 (@TheRakesh_IND) April 8, 2026
मैच में ओपनिंग करने उतरे 15 वर्षीय वैभव ने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। उन्होंने बुमराह की पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर अपने इरादे जाहिर कर दिए। इसके बाद उसी ओवर में एक और छक्का लगाकर उन्होंने दर्शकों को रोमांचित कर दिया। उनकी बल्लेबाजी में आत्मविश्वास और निडरता साफ झलक रही थी। ऐसा लगा मानो वह किसी भी गेंदबाज के खिलाफ खुलकर खेलने को तैयार हैं।
जब वैभव सूर्यवंशी शानदार लय में नजर आ रहे थे, तभी शार्दुल ठाकुर ने उन्हें अपनी ओवर की आखिरी गेंद पर आउट कर दिया। वैभव ने बड़ा शॉट खेलने की कोशिश की, लेकिन बाउंड्री पर खड़े तिलक वर्मा ने बेहतरीन कैच लपक लिया। इस तरह एक शानदार पारी का अंत हो गया।
ये भी पढ़ें: क्या खत्म हुआ कैमरून ग्रीन की बॉलिंग का इंतजार? गेंदबाजी कोच टिम साउथी ने फिटनेस पर दिया सबसे बड़ा अपडेट
गुवाहाटी में खेले गए बारिश से प्रभावित इस मुकाबले को 11-11 ओवर का कर दिया गया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए राजस्थान रॉयल्स ने 3 विकेट पर 150 रन बनाए। टीम के लिए यशस्वी जायसवाल ने 32 गेंदों पर नाबाद 77 रन की बेहतरीन पारी खेली। जवाब में मुंबई इंडियंस की टीम 11 ओवर में 9 विकेट खोकर 123 रन ही बना सकी। नमन धीर और शेरफेन रदरफोर्ड ने 25-25 रन बनाए, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। राजस्थान की ओर से संदीप शर्मा, नांद्रे बर्गर और रवि बिश्नोई ने 2-2 विकेट लिए, जबकि जोफ्रा आर्चर ने एक विकेट हासिल किया।