मिचेल मार्श के तूफान में उड़ी ऋतुराज की सेना! CSK की प्लेऑफ की राह हुई मुश्किल, जानें किसे हुआ फायदा

CSK vs LSG Points Table: IPL 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स और चेन्नई सुपर किंग्स के बीच खेले गए मुकाबले में CSK को करारी हार का सामना करना पड़ा। हालांकि, इस हार के बाद आईपीएल की इस टीम को बड़ा फायदा हुआ।
lucknow super giants mitchell marsh
CSK के खिलाफ खेलते हुए मिचेल मार्श (सौजन्य-IANS)
Updated on

CSK Lost Against LSG: आईपीएल में अब सीएसके के प्लेऑफ में शामिल होने की राह मुश्किल हो गयी है। आईपीएल 2026 के 59वें मुकाबले में शुक्रवार को चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) को लखनऊ सुपर जायंट्स (LSG) के खिलाफ 7 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा। लखनऊ सुपर जायंट्स ने धमाकेदार पारी खेलते हुए सीएसके के खिलाफ आसान जीत दर्ज की। इस हार के बाद सीएसके पॉइंट्स टेबल में नीचे खिसक गई।

CSK आईपीएल 2026 में अपना 11वां मुकाबला खेल रही थी, जिसमें उसे अपनी 5वीं हार का सामना करना पड़ा। इसी हार के साथ अब CSK पॉइंट्स टेबल पर 12 प्वाइंट्स के साथ 6वें नंबर पर खिसक गई है। हालांकि, चेन्नई सुपर किंग्स की इस हार का सबसे बड़ा फायदा राजस्थान रॉयल्स (RR) हो हुआ है। राजस्थान रॉयल्स की टीम अब 6वें नंबर से ऊपर उठकर पांचवें नंबर पर आ गयी है। हालांकि, लखनऊ सुपर जायंट्स पहले ही प्लेऑफ की रेस से बाहर हो चुकी है।

पॉइंट्स टेबल पर टीम की पोजीशन

इस समय पॉइंट्स टेबल पर 12 मुकाबलों में 16 प्वाइंट्स के साथ रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु टॉप पर बनी हुई है।

csk vs lsg ipl 2026 points table
IPL 2026 पॉइंट्स टेबल (स्क्रीन ग्रैब)

गुजरात टाइटंस (GT) भी 16 प्वाइंट्स लेकर अंक तालिका में दूसरे नंबर पर काबिज है। तीसरे नंबर पर सनराइजर्स हैदराबाद 12 मुकाबलों में 14 प्वाइंट्स के साथ मौजूद है, तो पंजाब किंग्स भी 12 मुकाबलों में में 13 प्वाइंट्स लेकर पॉइंट्स टेबल पर में चौथे नंबर पर बनी हुई है। दिल्ली कैपिटल्स 11 मुकाबलों में 9 प्वाइंट्स के साथ सातवें, जबकि कोलकाता नाइट राइडर्स आठवें पायदान पर है।

चेन्नई बनाम लखनऊ सुपर जायंट्स

चेन्नई सुपरकिंग्स और लखनऊ सुपर जायंट्स के बीच यह मुकाबला लखनऊ के भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी इकाना क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया था। लखनऊ सुपर जायंट्स ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया था।

मुकाबले में पहले बल्लेबाजी करने उतरी चेन्नई सुपर किंग्स ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 187 रन अर्जित किए थे। CSK की टीम की ओर से कार्तिक शर्मा ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 42 गेंदों में 71 रनों की दमदार पारी खेली। आखिरी के ओवरों में शिवम दुबे ने सिर्फ 16 गेंदों में 32 रन बनाए।

हालांकि, एलएसजी ने 188 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए धमाकेदार शुरुआत की। LSG ने सिर्फ 3 विकेट खोकर 16.4 ओवर में लक्ष्य को हासिल कर लिया। LSG टीम की तरफ से मिचेल मार्श ने तूफानी बल्लेबाजी की। मिचेल मार्श ने सिर्फ 38 गेंदों पर 90 रनों की आतिशी पारी खेली, जबकि जोश इंग्लिस ने 36 रन बनाए। LSG की बल्लेबाजी के आगे CSK के गेंदबाज लड़खड़ाते हुए नजर आए। निकोलस पूरन भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 17 गेंदों में नाबाद 32 रन बनाते हुए टीम को जीत दिलाई।

Navbharat Live
navbharatlive.com