आज से शुरू हो रहा क्रिकेट का त्यौहार, बेंगलुरु में RCB से भिड़ेगी SRH, देखें दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI
RCB vs SRH: IPL 2026 का आगाज आज डिफेंडिंग चैंपियन RCB और SRH के बीच मुकाबले से होगा। चिन्नास्वामी में होने वाले इस मैच में विराट कोहली की वापसी और ईशान किशन की कप्तानी पर सबकी नजरें टिकी हैं।
- Written By: अर्पित शुक्ला
बेंगलुरु में RCB से भिड़ेगी SRH (Image- Social Media)
IPL 2026 RCB vs SRH Match: इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के 19वें सीजन की शुरुआत शनिवार (28 मार्च) से होने जा रही है। इस सीजन का पहला मुकाबला डिफेंडिंग चैंपियन रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और सनराइजर्स हैदराबाद (SRH) के बीच खेला जाएगा। बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम में होने वाला यह मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा, जहां फैंस को चौके-छक्कों की बारिश देखने को मिल सकती है।
इस मैच में सबसे ज्यादा नजरें RCB के स्टार बल्लेबाज और पूर्व कप्तान विराट कोहली पर रहेंगी, जो लंबे समय बाद मैदान पर वापसी करेंगे। वहीं, युवा विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन के लिए कप्तानी की जिम्मेदारी भी अहम होगी। नियमित कप्तान पैट कमिंस के चोटिल होने के कारण ईशान शुरुआती मुकाबलों में SRH की कमान संभाल रहे हैं।
हैदराबाद की ओपनिंग जोड़ी है खतरनाक
सनराइजर्स हैदराबाद की ओपनिंग जोड़ी ट्रेविस हेड और अभिषेक शर्मा बेहद खतरनाक मानी जाती है। पिछले दो सीजन में हेड, अभिषेक और ईशान किशन की तिकड़ी ने कई टीमों के लिए मुश्किलें खड़ी की हैं। पावरप्ले में तेज शुरुआत देना और बड़े स्कोर को आसान बनाना इनकी खासियत रही है।
सम्बंधित ख़बरें
IPL के इन 3 कप्तानों पर गाज गिरनी तय, छिन जाएगी कप्तानी; कहीं ये आपके फेवरेट प्लेयर तो नहीं, देखें लिस्ट
IPL 2026 में पंजाब किंग्स की लगातार पांचवीं हार, धर्मशाला में मुंबई इंडियंस ने 6 विकेट से चटाई धूल
MI vs PBKS: धर्मशाला में पंजाब किंग्स ने रिकॉर्ड बुक में दर्ज कराया नाम, IPL 2026 में किया ये बड़ा कारनामा
MI vs PBKS: पंजाब किंग्स ने मुंबई इंडियंस के सामने बनाए 200 रन, प्रभसिमरन सिंह ने पूरा किया अर्धशतक
RCB इस मैच में पिछली हार का हिसाब बराबर करना चाहेगी। 2024 सीजन में SRH ने कई रिकॉर्ड बनाए थे, जिसमें लखनऊ सुपर जायंट्स के खिलाफ सिर्फ 30 गेंदों में 100 रन बनाना भी शामिल है। पिछले सीजन में दोनों टीमों की भिड़ंत में SRH ने 231 रन बनाए थे, जिसमें ईशान किशन ने 48 गेंदों पर नाबाद 94 रनों की शानदार पारी खेली थी। उस मुकाबले में RCB को 42 रनों से हार मिली थी, हालांकि बाद में टीम ने शानदार वापसी करते हुए पहली बार आईपीएल खिताब जीता।
इस साल टाइटल डिफेंड करने उतरेगी RCB
इस बार RCB की टीम और भी मजबूत नजर आ रही है। विराट कोहली के अलावा फिल साल्ट, टिम डेविड, रोमारियो शेफर्ड, वेंकटेश अय्यर, जैकब डफी और जॉर्डन कॉक्स जैसे खिलाड़ी टीम को मजबूती देते हैं। कप्तान रजत पाटीदार की अगुवाई में टीम लगातार दूसरा खिताब जीतने के इरादे से उतरेगी। हालांकि, तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की अनुपस्थिति टीम को खल सकती है, क्योंकि वह अभी पूरी तरह फिट नहीं हैं।
दोनों टीमों के बीच मुकाबले हमेशा रोमांचक रहे हैं। आईपीएल में अब तक RCB और SRH के बीच 26 मैच खेले गए हैं, जिसमें SRH ने 14 और RCB ने 11 मुकाबले जीते हैं, जबकि एक मैच बेनतीजा रहा।
दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग-XI
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु: फिल साल्ट, विराट कोहली, देवदत्त पडिक्कल, रजत पाटीदार (कप्तान), जितेश शर्मा (विकेटकीपर), टिम डेविड, क्रुणाल पंड्या, रोमारियो शेफर्ड, भुवनेश्वर कुमार, सुयश शर्मा, जैकब डफी।
सनराइजर्स हैदराबाद: अभिषेक शर्मा, ट्रेविस हेड, ईशान किशन (कप्तान/विकेटकीपर), हेनरिक क्लासेन, नीतीश कुमार रेड्डी, लियाम लिविंगस्टोन, अनिकेत वर्मा, हर्षल पटेल, जयदेव उनादकट, ब्रायडन कार्स, शिवम मावी।
यह भी पढ़ें- ‘HazleGOD’ की वापसी! RCB फैंस के लिए सबसे बड़ी खुशखबरी, लेकिन पहले मैच से पहले लगा एक झटका
एक तरफ SRH का आक्रामक टॉप ऑर्डर, तो दूसरी ओर चैंपियन RCB की संतुलित टीम, ऐसे में यह मुकाबला हाई-स्कोरिंग और रोमांच से भरपूर होने की पूरी उम्मीद है।
