'हम मौकों को भुनाने में नाकाम रहे', जीटी के खिलाफ हार के बाद बोले कप्तान पंत

GT vs LSG: आईपीएल 2026 में लखनऊ को गुजरात के खिलाफ 7 विकेट से हार मिली। कप्तान ऋषभ पंत ने माना कि टीम 170-180 का स्कोर नहीं बना सकी और मिले मौकों को भुनाने में नाकाम रही।
'हम मौकों को भुनाने में नाकाम रहे', जीटी के खिलाफ हार के बाद बोले कप्तान पंत
ऋषभ पंत (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Rishabh Pant Statement: आईपीएल 2026 के 19वें मुकाबले में इकाना क्रिकेट स्टेडियम में लखनऊ सुपर जायंट्स को गुजरात टाइटंस के खिलाफ 7 विकेट से हार का सामना करना पड़ा। यह हार टीम के लिए और भी निराशाजनक रही क्योंकि यह उनके घरेलू मैदान पर लगातार छठी हार थी। मुकाबले में लखनऊ की टीम कई अहम मौकों का फायदा उठाने में नाकाम रही, जिसका खामियाजा उन्हें हार के रूप में भुगतना पड़ा।

कप्तान ऋषभ पंत ने मानी टीम की गलती

मैच के बाद कप्तान ऋषभ पंत ने खुलकर अपनी टीम की कमजोरियों को स्वीकार किया। उन्होंने कहा, "देखिए, रन तो जाहिर तौर पर काफी नहीं थे। इसमें कोई शक नहीं कि उन्होंने अच्छी गेंदबाजी की। मुझे लगता है कि इस तरह की विकेट पर 170 से 180 का स्कोर वाकई एक अच्छा स्कोर होता। हालांकि, उन्होंने हम पर इतना दबाव बनाया कि विकेट गिरते ही चले गए। देखिए, जैसा मैंने कहा कि इस तरह की विकेट पर 170 से 180 का स्कोर निश्चित रूप से एक अच्छा स्कोर होता। हालांकि, आप जानते हैं कि इसके बावजूद आपके पास मैच में वापसी करने के मौके होते हैं। बस हम उन मौकों को ठीक तरह से भुना नहीं पाए।"

बल्लेबाजी क्रम पर भी दिया बयान

बल्लेबाजी क्रम को लेकर ऋषभ पंत ने कहा, "देखिए, यह निश्चित रूप से एक बेहतरीन लाइनअप है। हालांकि, टूर्नामेंट तो अभी-अभी शुरू हुआ है। हम खिलाड़ियों पर दबाव नहीं डाल रहे हैं, खासकर सीनियर खिलाड़ियों पर, क्योंकि उन्हें पता है कि उन्हें क्या करना है। हां, कई बार ऐसा होता है जब आप अच्छा प्रदर्शन करना चाहते हैं, लेकिन कर नहीं पाते। मगर इसके साथ ही आप जानते हैं कि टीम में एक-दूसरे पर भरोसा और विश्वास काफी है। हमें पता है कि वे जल्द ही फॉर्म में वापस आ जाएंगे। हम हमेशा सकारात्मक रहते हैं।"

लखनऊ की बल्लेबाजी रही फीकी

टॉस हारने के बाद पहले बल्लेबाजी करते हुए लखनऊ सुपर जायंट्स ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 164 रन बनाए। टीम की शुरुआत अच्छी नहीं रही और बल्लेबाज लगातार अंतराल पर विकेट गंवाते रहे। एडेम मार्करम ने सबसे ज्यादा 30 रन बनाए, जबकि मिचेल मार्श 11 रन ही बना सके। कप्तान ऋषभ पंत 18 रन बनाकर आउट हुए। आयुष बदोनी ने 9 रन बनाए, जबकि निकोलस पूरन 19 रन बनाकर पवेलियन लौटे। अब्दुल समद और मुकुल चौधरी ने 18-18 रन का योगदान दिया।

165 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 18.2 ओवर में 4 विकेट खोकर जीत हासिल कर ली। कप्तान शुभमन गिल ने 40 गेंदों में 56 रन की अहम पारी खेली, जबकि जोस बटलर ने 37 गेंदों में 60 रन बनाकर टीम को जीत के करीब पहुंचाया। वॉशिंगटन सुंदर 21 और राहुल तेवतिया 10 रन बनाकर नाबाद रहे। साई सुदर्शन ने भी 15 रन का योगदान दिया और टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

एजेंसी इनपुट के साथ 

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com