LSG vs GT: शुभमन गिल और जोस बटलर की पारी से जीता गुजरात, लखनऊ को मिली दूसरी हार

LSG vs GT: लखनऊ में खेले गए मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने लखनऊ सुपर जायंट्स को 7 विकेट से हराया। यह गुजरात टाइटंस की लगातार दूसरी जीत है। वहीं लखनऊ की ये दूसरी हार है।
Lucknow Super Giants vs Gujarat Titans
गुजरात टाइटंस (फोटो-सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Lucknow Super Giants vs Gujarat Titans: आईपीएल 2026 का 19वां मुकाबला लखनऊ सुपर जायंट्स और गुजरात टाइटंस (LSG vs GT) के बीच खेला गया। इस मुकाबले में गुजरात टाइटंस ने जीत दर्ज कर ली है। गुजरात जायंट्स ने लखनऊ को 7 विकेट से हराया। इस जीत के साथ गुजरात ने दूसरी जीत हासिल कर ली है।

भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेई इकाना क्रिकेट स्टेडियम में टॉस गंवाकर बल्लेबाजी करने उतरी एलएसजी ने निर्धारित ओवरों में 8 विकेट खोकर 164 रन बनाए। लखनऊ की शुरुआत अच्छी नहीं रही। मार्श 4 गेंदों में 1 छक्के और 1 चौके के साथ 11 रन बनाकर पवेलियन लौटे। उसके बाद ऋषभ पंत भी 18 रन बनाकर आउट हो गए। एलएसजी की टीम 45 के स्कोर तक अपने 2 विकेट खो चुकी थी, जिसके बाद मार्करम ने आयुष बडोनी के साथ तीसरे विकेट के लिए 17 गेंदों में 24 रन जुटाए।

लखनऊ के बल्लेबाजों की खराब बल्लेबाजी

मार्करम 21 गेंदों में 6 बाउंड्री के साथ 30 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि आयुष बडोनी ने 9 रन का योगदान टीम के खाते में दिया। लखनऊ सुपर जायंट्स ने 74 के स्कोर तक अपने 4 विकेट खो दिए थे। यहां से निकोलस पूरन ने अब्दुल समद के साथ पांचवें विकेट के लिए 35 रन जुटाकर टीम को शतक के पार पहुंचाया। इस बीच पूरन ने 21 गेंदों में 19 रन जुटाए।

प्रसिद्ध कृष्णा ने चटकाए 4 विकेट

इन खिलाड़ियों के अलावा, अब्दुल समद और मुकुल चौधरी 18-18 रन बनाकर पवेलियन लौटे। जॉर्ज लिंडे ने टीम के खाते में 16 रन का योगदान दिया। इनके अलावा, मोहम्मद शमी ने 5 गेंदों में 1 छक्के और 1 चौके के साथ नाबाद 12 रन बनाए। विपक्षी खेमे से प्रसिद्ध कृष्णा ने 28 रन देकर 4 विकेट हासिल किए, जबकि अशोक शर्मा ने 2 विकेट निकाले। मोहम्मद सिराज और कगिसो रबाडा ने 1-1 विकेट अपने नाम किया।

गुजरात की अच्छी शुरुआत

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात टाइटंस की शुरुआत अच्छी रही। पहले विकेट के लिए शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने 45 रनों की साझेदारी की। हालांकि, साई सुदर्शन 15 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। उसके बाद गिल को बटलर का साथ मिला। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 84 रनों की साझेदारी की। इस दौरान दोनों ने अपने अर्धशतक पूरे किए।

गिल और बटलर की अर्धशतकीय पारी से जीता गुजरात

शुभमन गिल 40 गेंदों में 56 और जोस बटलर 37 गेंदों में 60 रन बनाकर पवेलियन लौट गए। यहां से गुजरात को जीतने के लिए 26 गेंद में 30 रन बनाने थे। वाशिंगटन सुंदर और राहुल तेवतिया ने मिलकर जीत दिला दी। सुंदर ने नाबाद 21 और राहुल तेवतिया ने 10 रन बनाकर मुकाबले को जीत लिया। लखनऊ के शमी को 1, प्रिंस यादव को 1 और दिग्वेश राठी को 1 विकेट मिला।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com