T20 World Cup 2026: जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत का 'मास्टर स्ट्रोक', प्लेइंग-11 में होंगे बड़े बदलाव?

IND vs ZIM: सुपर 8 के करो या मरो मुकाबले में टीम इंडिया जिम्बाब्वे से भिड़ेगी। इस अहम मैच में भारतीय प्लेइंग 11 में कुछ बड़े बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
T20 World Cup 2026: जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत का 'मास्टर स्ट्रोक', प्लेइंग-11 में होंगे बड़े बदलाव?
भारतीय क्रिकेट टीम प्रैक्टिस के दौरान (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

T20 World Cup Super-8: टी20 वर्ल्ड कप में टीम इंडिया की हालत अब बेहद नाजुक हो गई है। दक्षिण अफ्रीका क्रिकेट टीम के खिलाफ 76 रन की हार ने सेमीफाइनल की राह मुश्किल बना दी है। अब 26 फरवरी को चेन्नई के एम ए चिदंबरम स्टेडियम में जिम्बाब्वे क्रिकेट टीम के खिलाफ होने वाला मुकाबला भारत के लिए निर्णायक साबित हो सकता है। इस अहम मैच में प्लेइंग 11 में बड़े बदलाव की संभावना जताई जा रही है।

क्या अक्षर पटेल की होगी वापसी?

अहमदाबाद में उपकप्तान अक्षर पटेल को बाहर रखना टीम मैनेजमेंट के लिए महंगा साबित हुआ। उनकी जगह खेले वाशिंगटन सुंदर बल्ले और गेंद दोनों से प्रभाव नहीं छोड़ सके। चेन्नई की पिच पारंपरिक रूप से स्पिनरों को मदद देती है, ऐसे में अक्षर की वापसी लगभग तय मानी जा रही है। उनकी कसी हुई गेंदबाजी और उपयोगी बल्लेबाजी टीम संतुलन के लिहाज से अहम हो सकती है।

कुलदीप यादव को मिल सकता है मौका

चेपॉक की सतह स्पिन के लिए जानी जाती है। ऐसे में कुलदीप यादव को प्लेइंग 11 में शामिल किया जा सकता है। हैरानी की बात है कि इस टूर्नामेंट में उन्हें अब तक सिर्फ एक मैच खेलने का मौका मिला है। संभावना है कि बल्लेबाजी क्रम में संघर्ष कर रहे रिंकू सिंह की जगह कुलदीप को टीम में लाया जाए, ताकि गेंदबाजी आक्रमण को मजबूती मिल सके। रिंकू पिछली पांच पारियों में दहाई का आंकड़ा पार करने में भी जूझते दिखे हैं।

ओपनिंग संयोजन में बदलाव संभव

टी20 क्रिकेट में विस्फोटक बल्लेबाजी के लिए पहचाने जाने वाले अभिषेक शर्मा इस टूर्नामेंट में अब तक लय में नहीं दिखे। चार मैचों में उनके बल्ले से केवल 15 रन निकले हैं और तीन बार वह खाता तक नहीं खोल पाए। वहीं तिलक वर्मा का स्ट्राइक रेट भी सवालों के घेरे में है। चर्चा है कि संजू सैमसन को प्लेइंग 11 में मौका दिया जा सकता है। यदि ऐसा होता है तो वह ओपनिंग कर सकते हैं और ईशान किशन नंबर तीन पर बल्लेबाजी के लिए उतर सकते हैं।

कुल मिलाकर, जिम्बाब्वे के खिलाफ यह मुकाबला सिर्फ जीत का नहीं, बल्कि रणनीति और सही संयोजन चुनने की परीक्षा भी होगा। टीम मैनेजमेंट के फैसले ही तय करेंगे कि भारत सेमीफाइनल की दौड़ में बना रहता है या नहीं।

जिम्बाब्वे के खिलाफ भारत की संभावित प्लेइंग इलेवन

संजू सैमसन, अभिषेक शर्मा, ईशान किशन (विकेटकीपर), सूर्यकुमार यादव (कप्तान), शिवम दुबे, हार्दिक पंड्या, अक्षर पटेल, वरुण चक्रवर्ती, कुलदीप यादव, जसप्रीत बुमराह, अर्शदीप सिंह।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com