वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम इंडिया का ग्लोबल अवतार, पहली बार इस खास व प्रतिष्ठित अवॉर्ड के लिए हुई नॉमिनेट

Indian Women's Cricket Team: पिछले साल वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय महिला टीम को पहली बार क्रिकेट में किसी महिला टीम के तौर पर लॉरियस अवॉर्ड के लिए नामित किया गया है।
वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम इंडिया का ग्लोबल धमाका, पहली बार प्रतिष्ठित अवॉर्ड के लिए हुई नॉमिनेट
भारतीय महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ीं (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on
Updated on

Laureus World Sports Award 2026: भारतीय महिला क्रिकेट टीम के लिए साल 2025 बेहद खास रहा। हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में टीम ने पहली बार वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीता और इतिहास रच दिया। अब इस ऐतिहासिक जीत के बाद टीम ने एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। वर्ल्ड कप जीत के लिए भारतीय महिला टीम को लॉरेस वर्ल्ड स्पोर्ट्स अवॉर्ड में साल की सर्वश्रेष्ठ टीम श्रेणी के लिए नामित किया गया है। 3 मार्च को लॉरेस स्पोर्ट ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की। खास बात यह है कि क्रिकेट इतिहास में किसी महिला टीम को पहली बार इस प्रतिष्ठित अवॉर्ड के लिए नामांकन मिला है।

सेमीफाइनल में ऐतिहासिक रन चेज और खिताबी जीत

वर्ल्ड कप के दौरान भारतीय टीम ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में 339 रन के विशाल लक्ष्य का सफल पीछा कर वनडे इंटरनेशनल इतिहास का सबसे बड़ा रन चेज दर्ज किया। इस शानदार जीत ने पूरी दुनिया का ध्यान खींचा। इसके बाद फाइनल में साउथ अफ्रीका को हराकर भारत ने अपना पहला वनडे वर्ल्ड कप खिताब जीता। इसी असाधारण प्रदर्शन के चलते टीम को लॉरेस अवॉर्ड के लिए नामित किया गया है।

दिग्गज टीमों के साथ मिली जगह

हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली भारतीय टीम को इंग्लैंड की महिला फुटबॉल टीम, यूरोपीय राइडर कप टीम, फ्रांस की फुटबॉल क्लब पेरिस सेंट जर्मेन और मैकलारेन फॉर्मूला वन टीम जैसी वैश्विक दिग्गजों के साथ नामित किया गया है। यह नामांकन भारतीय महिला क्रिकेट के बढ़ते कद और अंतरराष्ट्रीय पहचान का प्रतीक है। अब नजर इस बात पर रहेगी कि क्या भारतीय टीम यह प्रतिष्ठित अवॉर्ड अपने नाम कर पाती है।

बीसीसीआई पदाधिकारियों की प्रतिक्रिया

बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने इसे भारतीय क्रिकेट के लिए ऐतिहासिक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि वर्ल्ड कप 2025 की जीत सिर्फ टीम की सफलता नहीं, बल्कि देश के पूरे क्रिकेट ढांचे के लिए गर्व का पल था। उनके अनुसार यह लॉरेस नामांकन टीम की उपलब्धि के वैश्विक प्रभाव को दर्शाता है और युवा लड़कियों को क्रिकेट अपनाने के लिए प्रेरित करेगा।

बीसीसीआई अध्यक्ष मिथुन मन्हास ने भी टीम की सराहना करते हुए कहा कि यह नामांकन खिलाड़ियों की मेहनत और भारत में महिला क्रिकेट के बढ़ते प्रभाव का प्रमाण है। उन्होंने इसे वैश्विक मंच पर महिला क्रिकेट की मजबूत पहचान बताया। टीम अब उन भारतीय खिलाड़ियों के विशेष समूह में शामिल हो गई है जिन्हें पहले लॉरेस अवॉर्ड के लिए नामित किया जा चुका है, जिनमें विनेश फोगाट, नीरज चोपड़ा और ऋषभ पंत जैसे नाम शामिल हैं।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com