

Highlights:
भारतीय महिला टीम ने जिम्बाब्वे को 92 रनों से हराकर सीरीज पर किया कब्जा
हरमनप्रीत कौर ने शानदार 91 रनों की शानदार पारी खेली।
मुकाबला रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला गया।
IND W vs ZIM W 3rd T20I: भारतीय महिला क्रिकेट टीम ने मंगलवार को जिम्बाब्वे के खिलाफ तीन मैचों की टी-20 अंतरराष्ट्रीय सीरीज में शानदार प्रदर्शन करते हुए क्लीन स्वीप कर लिया। कप्तान स्मृति मंधाना की अगुवाई में टीम इंडिया ने रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए तीनों मुकाबलों में एकतरफा जीत दर्ज की।
सीरीज के आखिरी मैच में भारत ने जिम्बाब्वे को 92 रनों के बड़े अंतर से करारी शिकस्त देकर सीरीज पर 3-0 से कब्जा जमाया। इस मुकाबले में शानदार 91 रनों की पारी खेलने वाली हरमनप्रीत कौर को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
बता दें कि इस मैच में भारतीय कप्तान स्मृति मंधाना ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया। भारत की शुरुआत बेहद आक्रामक रही। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना ने पहले विकेट के लिए सिर्फ 50 रन जोड़कर टीम को तेज शुरुआत दिलाई।
अनुष्का शर्मा ने 20 गेंदों में 28 रनों की उपयोगी पारी खेली। उनके आउट होने के बाद निकी प्रसाद 9 रन जल्दी पवेलियन लौट गईं, लेकिन शेफाली वर्मा का तूफान जारी रहा। शेफाली ने महज 26 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा किया और 14.4 ओवर में आउट होने से पहले 69 रन 6 चौके, 5 छक्के बनाए।
बता दें कि मध्यक्रम में बल्लेबाजी करने उतरीं हरमनप्रीत कौर ने मैदान पर आते ही जिम्बाब्वे के गेंदबाजों की क्लास ली और फॉर्म में शानदार वापसी की। हरमनप्रीत ने मैदान के चारों तरफ शॉट लगाते हुए नाबाद 91 रनों की ऐतिहासिक पारी खेली। इस पारी के दम पर भारत ने निर्धारित 20 ओवरों में 216 रनों का पहाड़ जैसा स्कोर खड़ा किया और जिम्बाब्वे के सामने 217 रनों का विशाल लक्ष्य रखा।
अपनी इस पारी के साथ ही हरमनप्रीत कौर ने एक खास रिकॉर्ड भी अपने नाम किया। यह स्कोर भारत के लिए टी20 अंतरराष्ट्रीय में नंबर 4 या उससे निचले क्रम के बल्लेबाज द्वारा बनाया गया दूसरा सबसे बड़ा स्कोर है। दिलचस्प बात यह है कि इस लिस्ट में पहले स्थान पर भी खुद हरमनप्रीत कौर ही हैं, जिन्होंने साल 2018 में न्यूजीलैंड के खिलाफ 103 रनों की शतकीय पारी खेली थी।
217 रनों के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी जिम्बाब्वे की महिला टीम भारतीय गेंदबाजों के अनुशासित प्रदर्शन के आगे टिक नहीं सकी। रायपुर के शहीद वीर नारायण सिंह स्टेडियम में भारतीय टीम ने जिम्बाब्वे को बेहद सस्ते में समेटकर 92 रनों की एकतरफा जीत दर्ज की और घरेलू फैंस के सामने 3-0 से सीरीज ट्रॉफी अपने नाम की।