250 रन भी नहीं बचा पाई टीम इंडिया, होप के शतक से वेस्टइंडीज की धमाकेदार जीत

IND vs WI 2nd T20: वेस्टइंडीज ने दूसरे टी20 में भारत के 249 रन के जवाब में 250 रन बनाकर 6 विकेट से जीत दर्ज की। शाई होप ने नाबाद 102 और रदरफोर्ड ने 84 रन बनाए। सीरीज 1-1 से बराबर।
ind vs wi match result
वेस्टइंडीज की धमाकेदार जीतSource- IANS
Published on: 
Updated on: 

Highlights

  • कप्तान शाई होप ने 45 गेंदों में नाबाद 102 रन बनाकर वेस्टइंडीज को जीत दिलाई।

  • शेरफेन रदरफोर्ड ने 37 गेंदों में 84 रन बनाए। दोनों के बीच चौथे विकेट के लिए 120 रन की साझेदारी हुई।

  • संजू सैमसन ने 82 और ईशान किशन ने 43 रन बनाए।

वेस्टइंडीज ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए दूसरे टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में भारत को 6 विकेट से हराया। रांची के जेएससीए इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत से मिले 250 रनों के विशाल लक्ष्य को वेस्टइंडीज ने 18.3 ओवर में 4 विकेट खोकर हासिल किया।

250 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की शुरुआत अच्छी नहीं रही और कामिल पूरन सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हुए। शिमरोन हेटमायर को मयंक यादव ने पहली ही गेंद पर क्लीन बोल्ड किया। रोवमैन पॉवेल ने 13 गेंदों में 24 रन बनाए और वह मयंक यादव का तीसरा शिकार बने। 58 के स्कोर पर 3 विकेट गंवाने के बाद वेस्टइंडीज की लड़खड़ाती हुई पारी को कप्तान शाई होप और शेरफेन रदरफोर्ड ने संभाला। दोनों ने मिलकर चौथे विकेट के लिए शतकीय साझेदारी निभाई।

रदरफोर्ड की शानदार पारी

रदरफोर्ड और होप ने मिलकर 54 गेंदों में 120 रनों की साझेदारी निभाई। रदरफोर्ड ने 37 गेंदों में 7 चौके और सात गगनचुंबी छक्कों की मदद से 84 रनों की आतिशी पारी खेली। रदरफोर्ड के आउट होने के बाद भी कप्तान होप एक छोर पर डटे रहे और उन्हें रोमारियो शेफर्ड के रूप में एक और अच्छा जोड़ीदार मिला।

शेफर्ड ने 13 गेंदों में 34 रन बनाए

दोनों ने मिलकर पांचवें विकेट के लिए 26 गेंदों में 74 रनों की अटूट साझेदारी निभाई। होप ने शतकीय पारी खेली। वेस्टइंडीज के कप्तान 45 गेंदों में 102 रन बनाकर नाबाद रहे। वहीं, शेफर्ड 13 गेंदों में 34 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत की ओर से गेंदबाजी में मयंक यादव ने सबसे ज्यादा 3 विकेट झटके।

ind vs wi match result
फिर चमके स्विंग किंग भुवनेश्वर कुमार, कमबैक की अनसुनी कहानी; जानें टीम में वापसी के पीछे का राज

250 रन नहीं बचा पाई टीम इंडिया

इससे पहले, भारतीय टीम ने 20 ओवर में 5 विकेट खोकर स्कोरबोर्ड पर 249 रन लगाए। टीम की ओर से संजू सैमसन ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 41 गेंदों में 82 रनों की तेज तर्रार पारी खेली। उन्होंने अपनी इस पारी में 9 चौके और 4 छक्के लगाए। हालांकि, अभिषेक शर्मा अच्छी शुरुआत का फायदा नहीं उठा सके और वह 12 गेंदों में 20 रन बनाकर आउट हुए। ईशान किशन ने 22 गेंदों में 43 रनों का योगदान दिया। शिवम दुबे 7 रन बनाकर आउट हुए।

ind vs wi match result
न्यूजीलैंड सीरीज के लिए टीम इंडिया का ऐलान, भुवनेश्वर कुमार की T-20 में वापसी

अंत के ओवरों में श्रेयस अय्यर और तिलक वर्मा ने मोर्चा संभाला और पांचवें विकेट के लिए 32 गेंदों में 83 रन जोड़े। अय्यर ने 18 गेंदों में 40 रन बनाए, तो तिलक 3 चौके और इतने ही छक्कों की मदद से 44 रन बनाकर नाबाद रहे। वेस्टइंडीज की ओर से गेंदबाजी में रोस्टन चेज ने सर्वाधिक 3 विकेट चटकाए, जबकि शमर स्प्रिंगर ने दो विकेट निकाले। इस जीत के साथ ही वेस्टइंडीज ने पांच मैचों की टी20 सीरीज को 1-1 से बराबर कर दिया है। -एजेंसी इनपुट के साथ

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com