T20 World Cup 2026: फाइनल के लिए सुरक्षा सख्त, 3000 पुलिसकर्मी, 1000 होमगार्ड और एंटी-ड्रोन सिस्टम तैनात
IND vs NZ: अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में भारत-न्यूजीलैंड टी20 वर्ल्ड कप 2026 फाइनल के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए गए हैं। 3000 से ज्यादा पुलिसकर्मी, 1000 होमगार्ड तैनात रहेंगे।
- Written By: संजय सिंह बिष्ट
भारत बनाम न्यूजीलैंड (फोटो- सोशल मीडिया)
Narendra Modi Stadium Security for T20 WC 2026 Final: अहमदाबाद में भारत और न्यूजीलैंड के बीच होने वाले टी20 वर्ल्ड कप 2026 के फाइनल मुकाबले को लेकर सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। शहर के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में रविवार को होने वाले इस हाई प्रोफाइल मैच के लिए पुलिस ने व्यापक सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन योजना तैयार की है। अधिकारियों के मुताबिक मैच के दौरान 3,000 से ज्यादा पुलिसकर्मी, करीब 1,000 होमगार्ड और तीन एंटी ड्रोन सिस्टम तैनात किए जाएंगे, ताकि मुकाबला शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से आयोजित हो सके।
सुरक्षा व्यवस्था को लेकर अहमदाबाद पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने बताया कि मैच को देखते हुए स्टेडियम और उसके आसपास के इलाकों में विशेष निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस ने सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली हैं और वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में पूरी व्यवस्था संचालित होगी।
फाइनल के लिए कड़ी सुरक्षा व्यवस्था
पुलिस कमिश्नर जीएस मलिक ने बताया कि सुरक्षा के लिहाज से बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया जा रहा है। मलिक ने बताया कि “कल यहां नरेंद्र मोदी स्टेडियम में ऐतिहासिक टी20 वर्ल्ड कप फाइनल खेला जाएगा। इसके लिए पुलिस ने सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा व्यवस्था के तहत 3,000 से ज्यादा पुलिसकर्मी और करीब 1,000 होमगार्ड तैनात किए जा रहे हैं।”
सम्बंधित ख़बरें
81 रन की तूफानी पारी के बाद ईशान किशन का बड़ा बयान, बोले- शतक से ज्यादा जरूरी…
कारगिल विजय दिवस: सहवाग और केदार जाधव ने वीर जवानों को किया नमन, शौर्य और बलिदान को किया सलाम
PM मोदी ने मन की बात में की भारतीय बेटियों की तारीफ, लॉर्ड्स की ऐतिहासिक जीत पर कही बड़ी बात
FIH Youth Hockey5s Asia Championship: पाकिस्तान को 3-1 से हराकर भारत बना चैंपियन, महिला टीम ने जीता रजत पदक
भगदड़ रोकने के लिए विशेष इंतजाम
स्टेडियम के बाहर भीड़ को नियंत्रित रखने के लिए इस बार अतिरिक्त इंतजाम किए गए हैं। खास तौर पर गेट नंबर 1 और गेट नंबर 2 के पास होल्डिंग एरिया बनाए गए हैं, ताकि अचानक भीड़ बढ़ने पर उसे नियंत्रित किया जा सके। उन्होंने कहा- “इस बार हमने गेट 1 और गेट 2 के पास मुख्य सड़क की ओर होल्डिंग एरिया बनाए हैं। यहां पहले कभी ऐसी स्थिति नहीं बनी, लेकिन एहतियात के तौर पर यह व्यवस्था पहली बार लागू की जा रही है।”
वरिष्ठ अधिकारी करेंगे निगरानी
मैच के दौरान सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी के लिए कई वरिष्ठ अधिकारी भी स्टेडियम में मौजूद रहेंगे। पुलिस के संयुक्त आयुक्त, 12 डीसीपी और अन्य रैंक के अधिकारी अलग अलग जगहों पर तैनात रहेंगे, ताकि किसी भी स्थिति में तुरंत कार्रवाई की जा सके।
एंटी ड्रोन और बम निरोधक टीम तैनात
सुरक्षा को और मजबूत बनाने के लिए आधुनिक तकनीक का भी इस्तेमाल किया जा रहा है। स्टेडियम के आसपास तीन एंटी ड्रोन सिस्टम लगाए गए हैं, जबकि आठ बम डिटेक्शन एंड डिस्पोजल स्क्वॉड की टीमें भी तैनात रहेंगी। अपने बयान में पुलिस कमिश्नर ने कहा कि “हमने तीन एंटी ड्रोन सिस्टम लगाए हैं और आठ बम निरोधक दस्ते भी तैनात किए हैं। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर आज रिहर्सल भी की गई है।”
दर्शकों को सार्वजनिक परिवहन की सलाह
पुलिस ने दर्शकों से अपील की है कि वे स्टेडियम आने के लिए बस या मेट्रो जैसे सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करें, ताकि ट्रैफिक जाम से बचा जा सके। “दर्शक बस या मेट्रो का इस्तेमाल करें, इससे उन्हें स्टेडियम पहुंचने में आसानी होगी।”
ये भी पढ़ें: T20 World Cup Final से पहले भारतीय टीम का महिला टीम ने बढ़ाया हौसला, न्यूजीलैंड के खिलाफ दी जीत की शुभकामनाएं
महिला दर्शकों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए महिला पुलिसकर्मियों की भी तैनाती की गई है। महिलाओं की तलाशी महिला पुलिसकर्मी करेंगी, जबकि पुरुषों की जांच पुरुष पुलिसकर्मी करेंगे। पुलिस ने टिकटों की कालाबाजारी को लेकर भी सख्त चेतावनी दी है। अधिकारियों ने कहा कि अगर किसी भी तरह की ब्लैक मार्केटिंग सामने आती है तो तुरंत मामला दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी। अगर टिकटों की कालाबाजारी की जानकारी मिलती है तो पुलिस तुरंत केस दर्ज करेगी। इस तरह की गतिविधियों पर कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
