IND vs NZ: न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 जंग के लिए टीम इंडिया तैयार, जानिए कौन अंदर तो कौन बाहर?

Team India T20 Squad vs NZ: भारत और न्यूजीलैंड के बीच पांच मैचों की टी20 सीरीज शुरू होने वाली है। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि पिछली सीरीज की तुलना में इस बार टीम इंडिया में कितने बदलाव किए गए हैं?
इंडिया-A क्यों खेल रही है टी20 वर्ल्ड कप 2026, जानिए इसके पीछे का कारण
भारतीय क्रिकेट टीम (फोटो- सोशल मीडिया)
Published on: 
Updated on: 

IND vs NZ T20I Series: न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज खत्म होने के बाद अब टीम इंडिया उसी टीम के खिलाफ टी20 इंटरनेशनल सीरीज खेलने जा रही है। पांच मैचों की यह टी20 सीरीज 21 जनवरी से शुरू होगी और इसमें ज्यादा समय नहीं बचा है। खास बात यह है कि न्यूजीलैंड सीरीज और आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 के लिए भारत का संभावित स्क्वाड लगभग एक जैसा माना जा रहा है। ऐसे में यह जानना अहम हो जाता है कि पिछली टी20 सीरीज के मुकाबले इस बार टीम इंडिया में कितना बदलाव हुआ है।

श्रेयस अय्यर की टी20 टीम में लंबे समय बाद वापसी

भारत 21 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज खेलेगा, जिसके लिए टीम का ऐलान पहले ही किया जा चुका है। इससे पहले टीम इंडिया ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ टी20 सीरीज खेली थी, जहां प्रदर्शन औसत रहा था। इस बार सबसे बड़ा नाम श्रेयस अय्यर का है, जिनकी 2023 के बाद पहली बार टी20 टीम में वापसी हुई है। हालांकि शुरुआती स्क्वाड में उनका नाम नहीं था, लेकिन तिलक वर्मा के पहले तीन मैचों से बाहर होने के कारण श्रेयस को टीम में शामिल किया गया। उनके खेलने को लेकर अभी स्थिति साफ नहीं है।

ईशान किशन और रिंकू सिंह की भी वापसी

श्रेयस अय्यर के अलावा इस बार रिंकू सिंह और ईशान किशन भी टीम इंडिया का हिस्सा बने हैं। ईशान किशन ने नवंबर 2023 के बाद पहली बार टी20 टीम में जगह बनाई है। वहीं रिंकू सिंह एशिया कप के स्क्वाड में शामिल थे और फाइनल भी खेले थे, लेकिन उसके बाद उन्हें बाहर कर दिया गया था। अब उनकी टी20 टीम में वापसी हो गई है। इसके अलावा रवि बिश्नोई को भी मौका मिला है, जो वॉशिंगटन सुंदर के चोटिल होकर बाहर होने के बाद टीम में शामिल किए गए। बिश्नोई ने अपना आखिरी टी20 मैच फरवरी 2025 में खेला था

शुभमन गिल टी20 टीम से बाहर

अगर पिछली टी20 सीरीज के मुकाबले बाहर हुए खिलाड़ियों की बात करें तो सबसे बड़ा नाम शुभमन गिल का है। गिल फिलहाल वनडे और टेस्ट टीम के कप्तान हैं और पिछली टी20 सीरीज में उपकप्तान भी थे। लगातार खराब प्रदर्शन के कारण उन्हें इस बार टीम में जगह नहीं मिली है। इसके अलावा वॉशिंगटन सुंदर चोट की वजह से बाहर हैं। जितेश शर्मा भी पिछली सीरीज का हिस्सा थे, लेकिन इस बार चयन से चूक गए। विकेटकीपर के तौर पर ईशान किशन को प्राथमिकता दी गई है।

न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की टी20 टीम

सूर्यकुमार यादव, रिंकू सिंह, श्रेयस अय्यर (सिर्फ पहले तीन टी20 के लिए), अभिषेक शर्मा, हार्दिक पांड्या, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, ईशान किशन, संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह, जसप्रीत बुमराह, हर्षित राणा, कुलदीप यादव, वरुण चक्रवर्ती, रवि बिश्नोई, तिलक वर्मा (सिर्फ आखिरी दो टी20 के लिए)।

Navbharat Live
navbharatlive.com