

India beat South Africa in Ranchi: भारत ने रांची में खेले गए पहले वनडे मुकाबले में दक्षिण अफ्रीका को 17 रनों से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली। मैच आखिरी ओवर तक रोमांचक बना रहा, जहां प्रसिद्ध कृष्णा ने महत्वपूर्ण विकेट लेकर मुकाबले का रुख बदल दिया।
350 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी दक्षिण अफ्रीका की शुरुआत बेहद खराब रही। टीम ने दूसरे ही ओवर में दो विकेट गंवा दिए, जहां रिकल्टन और क्विंटन डिकॉक बिना खाता खोले लौट गए। हर्षित राणा ने दोनों को आउट कर शानदार शुरुआत दिलाई। इसके बाद अर्शदीप सिंह ने एडन मार्करम (7) को आउट किया, जिससे अफ्रीकी टीम पर दबाव और बढ़ गया। डी जॉर्जी ने 39 रन बनाए, लेकिन उन्हें कुलदीप यादव ने एलबीडब्ल्यू कर दिया। डेवाल्ड ब्रेविस ने 37 रन की ताबड़तोड़ पारी खेली, लेकिन राणा ने उन्हें पवेलियन भेज दिया। मध्य क्रम में मार्को यान्सेन (70 रन) और मैथ्यू ब्रीट्जके (72 रन) ने साझेदारी कर मैच को रोमांचक बनाया, लेकिन भारत ने नियमित अंतराल पर विकेट हासिल कर बढ़त बनाए रखी। अंतिम ओवर में दक्षिण अफ्रीका को 18 रन चाहिए थे, लेकिन प्रसिद्ध कृष्णा ने क्रॉर्बिन बॉश (67) को आउट कर जीत सुनिश्चित कर दी।
भारत की जीत में स्पिन और पेस दोनों का बड़ा योगदान रहा। कुलदीप यादव ने 4 विकेट लिए और अफ्रीका की मध्य क्रम पर कहर बरपाया। हर्षित राणा ने शुरुआती झटकों के साथ कुल 3 विकेट चटकाए। अर्शदीप सिंह ने 2 विकेट लेकर अपनी उपयोगिता साबित की।
पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट पर 349 रन बनाए। पारी की शुरुआत यशस्वी जायसवाल और रोहित शर्मा ने की। दोनों ने पहले विकेट के लिए 25 रन जोड़े, जिसके बाद जायसवाल 18 रन बनाकर आउट हुए। रोहित शर्मा ने 57 रन की तेज पारी खेली, जिसमें उन्होंने 5 चौके और 3 छक्के लगाए। ऋतुराज गायकवाड़ (8) और वॉशिंगटन सुंदर (13) बड़ी पारी नहीं खेल सके।
विराट कोहली ने टीम की कमान संभालते हुए 120 गेंदों पर शानदार 135 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी में 11 चौके और 7 छक्के जड़े और टीम को मजबूत स्कोर की ओर बढ़ाया। रवींद्र जडेजा ने 20 गेंद में 32 रन बनाए, जबकि कप्तान केएल राहुल ने 60 रनों की उपयोगी पारी खेली। दक्षिण अफ्रीका की ओर से नांद्रे बर्गर, बॉश, मार्को यान्सेन और बार्टमन ने 2-2 विकेट लिए।