टीम इंडिया ने पाकिस्तान को दिया 171 रन का टारगेट, स्मृति मंधाना की फिफ्टी के बाद ऋचा घोष ने खेली तूफानी पारी
India vs Pakistan Women World Cup 2026: स्मृति मंधाना की हाफ-सेंचुरी और आखिरी ओवरों में ऋचा घोष की तूफानी पारी की बदौलत भारत ने पहले बैटिंग करते हुए कुल 170 रन बनाए।
- Written By: अर्पित शुक्ला
टीम इंडिया (Image- IANS)
IND-W Vs PAK-W: बर्मिंघम के एजबेस्टन में खेले जा रहे ICC T20 वर्ल्ड कप 2026 के मैच में, स्मृति मंधाना की हाफ-सेंचुरी और आखिरी ओवरों में ऋचा घोष की तूफानी पारी की बदौलत भारत ने पहले बैटिंग करते हुए कुल 170 रन बनाए। टॉस जीतकर बैटिंग करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और सिर्फ 18 रन के स्कोर पर ही शेफाली और जेमिमा के विकेट गिर गए। हालांकि, मंधाना और हरमनप्रीत कौर ने तीसरे विकेट के लिए 91 रनों की पार्टनरशिप करके टीम की वापसी कराई। आखिरी पलों में, जब ऐसा लग रहा था कि भारत के लिए 150 रनों का आंकड़ा पार करना मुश्किल होगा, तब ऋचा घोष ने जबरदस्त पारी खेली और तस्मिया रुबाब के आखिरी ओवर में 29 रन बनाए।
रविवार को एजबेस्टन में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम ने 6 विकेट खोकर 170 रन बनाए। सलामी बल्लेबाज शेफाली वर्मा (6) ने पहली गेंद पर छक्के के साथ मुकाबले की शुरुआत की, लेकिन इसी ओवर की पांचवीं गेंद पर आउट हो गईं। इसके बाद जेमिमा रोड्रिगेज (1) मैदान पर उतरीं, लेकिन स्मृति मंधाना के साथ दूसरे विकेट के लिए 15 गेंदों में सिर्फ 12 रन ही जुटा सकीं।
18 के स्कोर तक गिर गए थे दो विकेट
भारत ने महज 18 के स्कोर तक अपने दो विकेट खो दिए थे। यहां से कप्तान हरमनप्रीत कौर ने स्मृति मंधाना के साथ तीसरे विकेट के लिए 63 गेंदों में 91 रन की साझेदारी करते हुए टीम को शतक के पार पहुंचाया।
सम्बंधित ख़बरें
चैंपियन ऑस्ट्रेलिया पर हुई करोड़ों की बारिश! हारकर भी इंग्लैंड ले गई मोटी रकम; जानें भारत के हिस्से कितना आया?
Women’s T20 World Cup 2026: ऑस्ट्रेलिया बना 7वीं बार चैंपियन, पेरी ने रचा इतिहास; इंग्लैंड को 7 विकेट से हराया
Women’s T20 WC Final: कप्तान ब्रंट ने जड़ा नाबाद अर्धशतक, इंग्लैंड ने ऑस्ट्रेलिया को दिया 151 का लक्ष्य
खिताबी मुकाबले में उतरते ही इंग्लैंड के नाम जुड़ा बेहद ‘शर्मनाक’ रिकॉर्ड, दूसरी ओर एलिस पेरी ने रचा इतिहास
मंधाना 44 गेंदों में 2 छक्कों और 9 चौकों के साथ 68 रन बनाकर पवेलियन लौटीं। कुछ देर बाद टीम ने भारती फुलमाली (1) का विकेट भी गंवा दिया। कप्तान हरमनप्रीत कौर 35 गेंदों में 4 चौकों के साथ 36 रन बनाकर आउट हुईं।
ऋचा घोष ने खेली तूफानी पारी
भारत ने 16.2 ओवरों में 123 के स्कोर तक अपने 5 विकेट गंवा दिए थे। यहां से दीप्ति शर्मा ने ऋचा घोष के साथ 21 गेंदों में 45 रन जुटाकर टीम को मजबूत स्थिति में ला दिया। टीम इंडिया ने 19वें ओवर से 23 रन, जबकि 20वें ओवर से 15 रन जुटाए। ऋचा 17 गेंदों में 1 छक्के और 5 चौकों के साथ 34 रन बनाकर आउट हुईं, जबकि दीप्ति ने 9 गेंदों में नाबाद 12 रन बनाए। विपक्षी खेमे से सादिया इकबाल और फातिमा सना ने 2-2 विकेट हासिल किए। तस्मिया रुबाब और रामीन शमीम ने 1-1 विकेट निकाला।
इस मैच में हरमनप्रीत कौर की कप्तानी में भारतीय टीम स्मृति मंधाना, शेफाली वर्मा, जेमिमा रोड्रिगेज, भारती फुलमाली, ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अरुंधति रेड्डी, क्रांति गौड़, श्री चरणी और श्रेयंका पाटिल के साथ मैदान पर उतरी है।
यह भी पढ़ें- ‘सिर्फ जीत से काम नहीं चलेगा…’, पाकिस्तान मैच से पहले अभिषेक नायर ने टीम इंडिया को दी ये बड़ी चेतावनी
वहीं, पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन में गुल फिरोजा, मुनीबा अली (विकेटकीपर), आयशा जफर, सायरा जबीन, आलिया रियाज, नतालिया परवेज, फातिमा सना (कप्तान), रमीन शमीम, नाशरा संधू, तस्मिया रुबाब और सादिया इकबाल शामिल हैं। -एजेंसी इनपुट के साथ
