

ICC Ranings Update after T20 World Cup 2026: आईसीसी ने टी20 विश्व कप 2026 के बाद नई टी20 रैंकिंग जारी कर दी है। इस ताजा रैंकिंग में कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। खास बात यह रही कि भारतीय बल्लेबाजों का दबदबा एक बार फिर साफ नजर आया है। ईशान किशन ने लंबी छलांग लगाते हुए दूसरे स्थान पर कब्जा कर लिया है, जिससे नंबर एक पर काबिज अभिषेक शर्मा की कुर्सी को चुनौती मिल गई है। वहीं संजू सैमसन ने भी शानदार उछाल दर्ज किया है। दूसरी ओर सूर्यकुमार यादव और तिलक वर्मा को हल्का नुकसान झेलना पड़ा है।
आईसीसी की नई टी20 रैंकिंग में भारतीय बल्लेबाज अभिषेक शर्मा अभी भी नंबर एक स्थान पर बने हुए हैं। हालांकि अब उनकी स्थिति पहले जैसी मजबूत नहीं रह गई है। अभिषेक शर्मा की रेटिंग 875 है, जबकि दूसरे स्थान पर पहुंच चुके ईशान किशन की रेटिंग 871 हो गई है। ईशान किशन ने इस बार दो स्थानों की छलांग लगाई है और अब वे अभिषेक शर्मा के बेहद करीब पहुंच गए हैं। दोनों बल्लेबाजों के बीच अब सिर्फ चार अंकों का अंतर रह गया है। ऐसे में आने वाले मैचों में ईशान किशन के पास नंबर एक बनने का बड़ा मौका रहेगा।
नई रैंकिंग में पाकिस्तान के सलामी बल्लेबाज साहिबजादा फरहान को एक स्थान का नुकसान हुआ है। वे अब 848 की रेटिंग के साथ तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं। वहीं इंग्लैंड के फिल साल्ट को भी एक स्थान का नुकसान झेलना पड़ा है और वे 792 की रेटिंग के साथ चौथे नंबर पर पहुंच गए हैं। श्रीलंका के पथुम निसंका पांचवें स्थान पर बरकरार हैं। इस बीच न्यूजीलैंड के टिम सिफर्ट को जबरदस्त फायदा हुआ है। उन्होंने चार स्थानों की छलांग लगाते हुए छठा स्थान हासिल कर लिया है और उनकी रेटिंग अब 749 हो गई है।
भारतीय बल्लेबाज तिलक वर्मा को भी इस बार रैंकिंग में एक स्थान का नुकसान हुआ है और वे अब सातवें नंबर पर आ गए हैं। वहीं दक्षिण अफ्रीका के डेवाल्ड ब्रेविस आठवें स्थान पर मौजूद हैं। भारतीय टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव को भी इस बार दो स्थानों का नुकसान हुआ है। वे 722 की रेटिंग के साथ नौवें नंबर पर पहुंच गए हैं। इंग्लैंड के जॉस बटलर 716 की रेटिंग के साथ दसवें स्थान पर काबिज हैं।
टी20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन करने वाले संजू सैमसन को भी नई रैंकिंग का बड़ा फायदा मिला है। उन्होंने एक साथ 18 स्थानों की छलांग लगाई है और अब वे सीधे 22वें नंबर पर पहुंच गए हैं।
संजू सैमसन ने विश्व कप के नॉकआउट मुकाबलों में लगातार तीन मैचों में 80 से ज्यादा रन बनाए थे। उनके इसी दमदार प्रदर्शन का असर अब आईसीसी रैंकिंग में भी साफ तौर पर दिखाई दे रहा है। आने वाले समय में अगर उनका फॉर्म ऐसा ही जारी रहता है, तो वे रैंकिंग में और ऊपर जा सकते हैं।