T20 WC 2026 के बाद कैसा है गेंदबाजी रैंकिंग का हाल? भारत के खिलाड़ी का है अब भी दबदबा, बुमराह टॉप-10 में मौजूद

ICC Rankings: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के बाद आईसीसी की नई टी20 रैंकिंग जारी हुई। गेंदबाजी में वरुण चक्रवर्ती नंबर 1 बने। वहीं, टी20 वर्ल्ड में गेंदबाजी के हीरो रहे जसप्रीत बुमराह भी टॉप-10 में शामिल हैं।
ICC Rankings Varun Chakravarthy and Jasprit Bumrah
वरुण चक्रवर्ती और जसप्रीत बुमराह (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

ICC Rankings Updates: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के खत्म होने के बाद आईसीसी ने टी20 इंटरनेशनल की ताजा रैंकिंग जारी कर दी है। इस नई रैंकिंग में बल्लेबाजी, गेंदबाजी और ऑलराउंडर तीनों कैटेगरी में कई बड़े बदलाव देखने को मिले हैं। खास बात यह है कि भारतीय खिलाड़ियों का दबदबा अब भी बरकरार है। गेंदबाजी में जहां भारत का एक खिलाड़ी नंबर एक पर पहुंच गया है, वहीं बल्लेबाजी रैंकिंग में भी भारतीय बल्लेबाज शीर्ष स्थान पर काबिज हैं। आइए तीनों कैटेगरी की रैंकिंग पर एक नजर डालते हैं।

गेंदबाजी रैंकिंग में वरुण चक्रवर्ती नंबर 1

आईसीसी की ताजा टी20 गेंदबाजी रैंकिंग में भारत के स्टार स्पिनर वरुण चक्रवर्ती ने पहला स्थान हासिल कर लिया है। उनके खाते में 771 रेटिंग पॉइंट्स हैं, जिसके साथ वह दुनिया के नंबर एक टी20 गेंदबाज बन गए हैं। अफगानिस्तान के दिग्गज स्पिनर राशिद खान 753 रेटिंग पॉइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वहीं पाकिस्तान के स्पिनर अबरार अहमद तीसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। दक्षिण अफ्रीका के कॉर्बिन बॉश चौथे स्थान पर काबिज हैं, जबकि इंग्लैंड के अनुभवी स्पिनर आदिल राशिद पांचवें नंबर पर मौजूद हैं। ऑस्ट्रेलिया के लेग स्पिनर एडम जम्पा छठे स्थान पर हैं। इसके अलावा भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह भी टॉप-10 गेंदबाजों की सूची में शामिल हैं और वह सातवें स्थान पर हैं। बुमराह ने टी20 वर्ल्ड कप 2026 में शानदार गेंदबाजी करते हुए टीम इंडिया की जीत में अहम भूमिका निभाई थी।

ऑलराउंडर रैंकिंग में सिकंदर रजा का दबदबा

टी20 इंटरनेशनल की ऑलराउंडर रैंकिंग में जिम्बाब्वे के अनुभवी खिलाड़ी सिकंदर रजा पहले स्थान पर बने हुए हैं। उनके नाम 328 रेटिंग पॉइंट्स दर्ज हैं। भारत के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पांड्या 284 पॉइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर काबिज हैं। पाकिस्तान के युवा खिलाड़ी साइम अयूब तीसरे नंबर पर मौजूद हैं। इसके अलावा भारतीय ऑलराउंडर शिवम दुबे भी टॉप-10 ऑलराउंडर खिलाड़ियों की सूची में शामिल हैं और वह नौवें स्थान पर हैं।

बल्लेबाजी रैंकिंग में अभिषेक शर्मा शीर्ष पर

आईसीसी की ताजा टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में भारत के युवा बल्लेबाज अभिषेक शर्मा नंबर एक स्थान पर पहुंच गए हैं। उनके खाते में 874 रेटिंग पॉइंट्स हैं और शानदार प्रदर्शन की बदौलत उन्होंने कई दिग्गज बल्लेबाजों को पीछे छोड़ दिया है। पाकिस्तान के साहिबजादा फरहान 848 रेटिंग पॉइंट्स के साथ दूसरे स्थान पर हैं। वहीं इंग्लैंड के फिल साल्ट 803 पॉइंट्स के साथ तीसरे नंबर पर मौजूद हैं। भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ईशान किशन भी शानदार प्रदर्शन के चलते टॉप-5 में जगह बनाने में सफल रहे हैं और वह 783 पॉइंट्स के साथ चौथे स्थान पर हैं। श्रीलंका के पथुम निसांका पांचवें नंबर पर काबिज हैं।

टॉप-10 में कई भारतीय खिलाड़ियों की मौजूदगी

टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में भारत के कई खिलाड़ी टॉप-10 में शामिल हैं। तिलक वर्मा छठे और भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव सातवें स्थान पर मौजूद हैं। दक्षिण अफ्रीका के डिवॉल्ड ब्रेविस आठवें नंबर पर हैं, जबकि इंग्लैंड के जोस बटलर नौवें स्थान पर काबिज हैं। न्यूजीलैंड के टिम सीफर्ट दसवें नंबर पर मौजूद हैं। नई आईसीसी टी20 रैंकिंग यह दिखाती है कि भारतीय क्रिकेट टीम इस समय काफी मजबूत स्थिति में है। बल्लेबाजी, गेंदबाजी और ऑलराउंडर तीनों विभागों में भारतीय खिलाड़ियों की मजबूत मौजूदगी टीम की शानदार फॉर्म को दर्शाती है।

Navbharat Live
navbharatlive.com