ऑस्ट्रेलिया से लड़ते-लड़ते आपस में ही भिड़ गए इंग्लैंड के खिलाड़ी, जोफ्रा और स्टोक्स में हुई नोकझोंक

AUS vs ENG: एडिलेड टेस्ट के दूसरे दिन बेन स्टोक्स और जोफ्रा आर्चर के बीच तीखी बहस देखने को मिली। इंग्लैंड की बल्लेबाजी फिर फ्लॉप रही और टीम ने 213 रन पर 8 विकेट गंवा दिए।
ऑस्ट्रेलिया से लड़ते-लड़ते आपस में ही भिड़ गए इंग्लैंड के खिलाड़ी, जोफ्रा और स्टोक्स में हुई नोकझोंक
बेन स्टोक्स और जोफ्रा आर्चर के बीच हुई बहस (फोटो- सोशल मीडिया)
Updated on

Jofra Archer and Ben Stokes Argument: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच खेली जा रही एशेज सीरीज का तीसरा टेस्ट मैच एडिलेड में रोमांचक मोड़ पर पहुंच गया है। दूसरे दिन का खेल समाप्त होने तक इंग्लैंड की स्थिति बेहद कमजोर नजर आ रही है। हालांकि कप्तान बेन स्टोक्स और तेज गेंदबाज जोफ्रा आर्चर ने बल्ले से संघर्ष दिखाते हुए टीम को संभालने की कोशिश की है और दोनों के बीच अब तक 45 रनों की अहम साझेदारी हो चुकी है।

मैदान पर स्टोक्स और आर्चर के बीच तीखी नोकझोंक

मैच के दौरान उस वक्त माहौल गरमा गया जब ऑस्ट्रेलियाई पारी के दौरान बेन स्टोक्स और जोफ्रा आर्चर के बीच तीखी बहस देखने को मिली। आर्चर के व्यवहार से इंग्लैंड के कप्तान बिल्कुल भी खुश नजर नहीं आए और उन्होंने खुले तौर पर अपनी नाराजगी जाहिर की। इस दौरान इंग्लिश टीम के अन्य खिलाड़ी बीच-बचाव करते हुए भी दिखाई दिए।

फील्डिंग को लेकर नाराज दिखे जोफ्रा आर्चर

दरअसल पूरा विवाद फील्डिंग सेटअप को लेकर शुरू हुआ। जोफ्रा आर्चर कप्तान बेन स्टोक्स द्वारा लगाई गई फील्ड से संतुष्ट नहीं थे और उन्होंने इस बात को लेकर कप्तान से अपनी नाराजगी जाहिर कर दी। आर्चर का यह रवैया स्टोक्स को बिल्कुल पसंद नहीं आया और बात बहस तक पहुंच गई।

स्टोक्स ने गुस्से में आर्चर को लगाई फटकार

मैदान पर स्टोक्स ने गुस्से में आर्चर से कहा कि “मैट जब आप बॉलिंग कर रहे हैं तो फील्ड प्लेसिंग को लेकर शिकायत मत कीजिए। स्टंप्स पर गेंदबाजी कीजिए।” स्टोक्स की इस टिप्पणी के बाद आर्चर ने भी कप्तान को कुछ जवाब दिया। हालांकि स्थिति को बिगड़ता देख टीम के अन्य खिलाड़ियों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और दोनों को शांत कराया। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

इंग्लैंड की बल्लेबाजी पूरी तरह चरमराई

ऑस्ट्रेलिया को 371 रनों पर समेटने के बाद बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही। जैक क्राउली सिर्फ 9 रन बनाकर पैट कमिंस का शिकार बने। ओली पोप 3 रन बनाकर नाथन लायन को विकेट दे बैठे। जो रूट 19 रन बनाकर आउट हुए, जबकि बेन डकेट 29 रन ही जोड़ सके।

इंग्लैंड ने 71 रन पर अपने 4 विकेट गंवा दिए थे। इसके बाद हैरी ब्रूक और जेमी स्मिथ ने पारी को संभालने की कोशिश की। ब्रूक 45 रन बनाकर आउट हुए, जबकि स्मिथ 22 रन बनाकर पवेलियन लौटे। विल जैक्स सिर्फ 6 रन बना सके और ब्रायडन कार्स बिना खाता खोले बोलैंड का शिकार बने।

अब भी ऑस्ट्रेलिया से काफी पीछे इंग्लैंड

दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक बेन स्टोक्स 45 और जोफ्रा आर्चर 30 रन बनाकर नाबाद हैं। इंग्लैंड अब भी ऑस्ट्रेलिया के स्कोर से 158 रन पीछे है और टीम के सिर्फ 2 विकेट शेष हैं। ऐसे में तीसरे दिन इंग्लैंड की राह बेहद कठिन नजर आ रही है।

Navbharat Live
navbharatlive.com