फिन एलन (फोटो-सोशल मीडिया)
Finn Allen Create History: टी20 वर्ल्ड कप 2026 में न्यूजीलैंड के फिन एलन ने बड़ी उपलब्धि हासिल कर ली है। फिन एलन ने टी20 वर्ल्ड कप में सबसे तेज शतक बनाकर इतिहास रच दिया। साउथ अफ्रीका के खिलाफ महज 33 गेंदों में शतक लगाकर टूर्नामेंट में सबसे तेज शतक बनाने का रिकॉर्ड अपने नाम किया। इसके साथ ही टी20 वर्ल्ड कप के नॉकआउट मुकाबले में शतक लगाने वाले पहले खिलाड़ी बने।
साउथ अफ्रीका के खिलाफ कोलकाता के ईडन गार्डन्स में 170 रन के टारगेट का पीछा करते हुए न्यूजीलैंड की पारी के 13वें ओवर की पांचवीं गेंद पर मार्को यानसेन को चौका मारकर फिन एलन ने अपनी सेंचुरी पूरी की। इसके साथ ही उन्होंने क्रिस गेल का रिकॉर्ड भी तोड़ दिया। इससे पहले टी20 वर्ल्ड कप मैच में सबसे तेज शतक बनाने का रिकॉर्ड क्रिस गेल के नाम था। गेल ने 2016 के टी20 वर्ल्ड कप में इंग्लैंड के खिलाफ 47 गेंदों में अपना शतक पूरा किया था।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में फिन एलन का 33 गेंदों में शतक न केवल टूर्नामेंट का सबसे तेज शतक है, बल्कि यह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में तीसरा सबसे तेज शतक भी है। टी20 इंटरनेशनल में सबसे तेज शतक का रिकॉर्ड अब भी साहिल चौहान के नाम दर्ज है, जिन्होंने 27 गेंदों में साइप्रस के खिलाफ शतक बनाया था।
न्यूजीलैंड के कप्तान मिचेल सेंटनर ने ईडन गार्डन्स में टॉस जीता। टॉस जीतकर उन्होंने साउथ अफ्रीका को पहले बल्लेबाजी करने का न्योता दिया। इस मुकाबले में साउथ अफ्रीका की बल्लेबाजी कुछ खास नहीं रही। शुरूआत में क्विंटन डिकॉक और कप्तान एडन मार्करम जैसे बल्लेबाजों को कीवी गेंदबाजों ने अपना शिकार बना डाला। साउथ अफ्रीका ने 20 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 179 रन बनाए। इसके जवाब में न्यूजीलैंड ने ये स्कोर 12.5 ओवर में सिर्फ 1 विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया।
यह भी पढ़ें: T20 World Cup 2026 के फाइनल में पहुंची न्यूजीलैंड, Semi-Final में साउथ अफ्रीका को एकतरफा अंदाज में दी शिकस्त
न्यूजीलैंड के लिए इस जीत में दोनों सलामी बल्लेबाज टिम सीफर्ट और फिन एलन ने अहम भूमिका निभाई। इन दोनों ने सिर्फ 9 ओवर में ही मुकाबले को अपनी तरफ खींच लिया। दोनों बल्लेबाजों के बीच पहले विकेट के लिए 9.1 ओवर में 117 रन जोड़ें। 117 रन के स्कोर पर टिम सीफर आउट हुए। उन्होंने 33 गेंद में 58 रन की विस्फोटक पारी खेली।