भारत और पाकिस्तान के फैंस का फोटो (सोर्स- सोशल मीडिया)
India vs Pakistan Hockey Match: भारत और पाकिस्तान के बीच राजनीतिक हालात भले ही सामान्य नहीं हैं, लेकिन खेल के मैदान पर दोनों टीमें अक्सर आमने-सामने होती रहती हैं। हाल ही में आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2026 में दोनों के बीच हाई-वोल्टेज मुकाबला देखने को मिला था, जिसमें भारत ने शानदार जीत दर्ज की थी। अब एक बार फिर दोनों देशों की टीमें FIH हॉकी वर्ल्ड कप में भिड़ने के लिए तैयार हैं।
नीदरलैंड के एम्स्टरडैम स्थित वगेनेर स्टेडियम में आयोजित समारोह के दौरान इंटरनेशनल हॉकी फेडरेशन ने टूर्नामेंट के ग्रुप्स का ऐलान किया। भारतीय टीम को ग्रुप D में रखा गया है, जहां उनके साथ इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स की टीम मौजूद है। ऐसे में भारत-पाकिस्तान के बीच एक और रोमांचक मुकाबला तय माना जा रहा है।
इस बार हॉकी वर्ल्ड कप की मेजबानी नीदरलैंड और बेल्जियम संयुक्त रूप से करेंगे। भारतीय टीम के सभी मैच नीदरलैंड में खेले जाएंगे। वहीं पूरे टूर्नामेंट का विस्तृत शेड्यूल जल्द जारी किया जाएगा। क्रिकेट में हाल के समय में भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच हैंडशेक को लेकर विवाद भी देखने को मिला है, ऐसे में हॉकी में यह दृश्य कैसा रहेगा, इस पर सभी की नजरें रहेंगी।
पुरुष टूर्नामेंट के साथ-साथ महिला FIH वुमेंस हॉकी वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप्स का भी ऐलान किया गया। यह टूर्नामेंट 15 अगस्त से 30 अगस्त 2026 तक खेला जाएगा। भारतीय महिला टीम को भी ग्रुप D में रखा गया है, जहां चीन, इंग्लैंड और दक्षिण अफ्रीका की टीमें शामिल हैं। महिला टीम के सभी मैच भी नीदरलैंड में ही आयोजित होंगे।
ये भी पढ़ें: ICC रैंकिंग में पाकिस्तानी खिलाड़ी को हुआ जबरदस्त फायदा, इस भारतीय खिलाड़ी को छोड़ा पीछे