FIFA World Cup: घाना के डिफेंस ने इंग्लैंड को किया लाचार, नहीं हुआ एक भी गोल और बराबरी पर खत्म हुआ मुकाबला

FIFA World Cup Update: फीफा वर्ल्ड कप 2026 में इंग्लैंड और घाना के बीच मुकाबला 0-0 से ड्रॉ रहा। घाना के मजबूत डिफेंस और गोलकीपर बेंजामिन असारे ने इंग्लैंड को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया।
FIFA World Cup: Ghana's defense puts up a brilliant performance, holding England to a goalless draw.
इंग्लैंड बनाम घाना (फोटो- @FIFAWorldCup)
Published on
Updated on

FIFA World Cup England vs Ghana: फीफा वर्ल्ड कप 2026 के ग्रुप एल में इंग्लैंड और घाना के बीच खेला गया मुकाबला गोलरहित ड्रॉ पर खत्म हुआ। घाना के डिफेंस ने मुकाबले में शानदार प्रदर्शन किया और इंग्लैंड को गोल करने का कोई मौका नहीं दिया।

इंग्लैंड ने मैच में पहला बड़ा मौका 13वें मिनट में बनाया, जब डेक्लान राइस की लंबी दूरी की फ्री-किक गोल पोस्ट के ऊपर से निकल गई। इसके बाद इंग्लैंड ने लगातार दबाव बनाने की कोशिश की, लेकिन जॉर्डन अयू और रीस जेम्स की टक्कर के कारण खेल कुछ देर के लिए रुक गया। इसके बाद में हुए हाइड्रेशन ब्रेक ने भी मैच की लय को प्रभावित किया, जिससे इंग्लैंड की बढ़त बनाने की कोशिशों की रफ्तार धीमी पड़ गई।

इंग्लैंड के सामने घाना का मजबूत डिफेंस

पहले हाफ में जूड बेलिंगहैम का एक शॉट घाना के दो डिफेंडर ने ब्लॉक किया। वहीं, राइस ने नोनी मडुके के क्रॉस पर हेडर लगाया, लेकिन उन्हें भी सफलता नहीं मिली। हाफ टाइम से ठीक पहले कप्तान हैरी केन के पास गोल करने का अच्छा मौका था, लेकिन वह भी घाना के मजबूत डिफेंस को भेदने में नाकाम रहे। दूसरे हाफ में इंग्लैंड ने और तेजी से हमले किए। इलियट एंडरसन का करीब से लगाया गया हेडर ब्लॉक हो गया, जबकि एंथनी गॉर्डन के शॉट को घाना के गोलकीपर बेंजामिन असारे ने शानदार तरीके से बचा लिया। हैरी केन ने भी एक लो शॉट लगाकर गोल करने की कोशिश की, लेकिन असारे ने फिर से बेहतरीन बचाव किया।

इंग्लैंड पर घाना का जवाबी हमला

हालांकि, घाना सिर्फ बचाव तक सीमित नहीं रहा। टीम ने जवाबी हमलों के जरिए इंग्लैंड के डिफेंस को भी परखा। मैच खत्म होने से करीब दस मिनट पहले घाना के पास गोल करने का शानदार मौका था। अब्दुल फतावु गोल की ओर बढ़े, लेकिन इंग्लैंड के गोलकीपर जॉर्डन पिकफोर्ड और डिफेंडर एजरी कोंसा ने मिलकर अब्दुल की कोशिश को नाकाम कर दिया। इसके बाद एंटोनी सेमेन्यो भी गोल करने से चूक गए।

मैच के अंतिम मिनटों में इंग्लैंड ने जीत के लिए पूरी ताकत झोंक दी। बुकायो साका के मैदान पर आने के बाद टीम के हमले और तेज हुए। मॉर्गन ओ’रेली के शानदार क्रॉस पर हैरी केन को मौका मिला, लेकिन उनका शॉट क्रॉसबार के ऊपर चला गया। इंजरी टाइम में मार्क गुएही का हेडर भी लक्ष्य से चूक गया।

अंत में दोनों टीमों को एक-एक अंक से संतोष करना पड़ा। इस ड्रॉ के बाद ग्रुप एल में इंग्लैंड और घाना की स्थिति मजबूत हो गई है। दोनों टीमें अपने आखिरी ग्रुप मैच में क्रमशः पनामा और क्रोएशिया का सामना करेंगी। इन मुकाबलों में सिर्फ एक अंक हासिल करने पर भी दोनों टीमों का राउंड ऑफ 32 में पहुंचना लगभग तय हो जाएगा।

Navbharat Live: Hindi News
navbharatlive.com