

England Squad Announced for T20 Series: भारत के खिलाफ 5 मुकाबलों की टी20 सीरीज के लिए इंग्लैंड ने सोमवार को अपनी 17-सदस्यीय टीम का ऐलान किया है। हैरी ब्रूक टीम की कप्तानी करेंगे, जबकि बाएं हाथ के स्पिन ऑलराउंडर जेम्स कोल्स को पहली बार टी20 टीम में शामिल किया गया है। पांच मुकाबलों की यह सीरीज 1-11 जुलाई के बीच खेली जाएगी।
इंग्लिश टीम में जॉर्डन कॉक्स, सोनी बेकर और साकिब महमूद की भी वापसी हुई है। ये तीनों खिलाड़ी इस साल की शुरुआत में हुए आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप में नहीं खेल सके थे। तेज गेंदबाज ब्रायडन कार्स और सीम-बॉलिंग ऑलराउंडर जेमी ओवरटन चोट के कारण उपलब्ध नहीं हैं।
22 वर्षीय जेम्स कोल्स 2026 मेंस हंड्रेड प्रतियोगिता में सबसे महंगे खिलाड़ी थे। वह एसए20 में सनराइजर्स ईस्टर्न केप और इंग्लैंड लायंस के लिए खेल चुके हैं। कोल्स ने अपने टी20 करियर की 71 पारियों में 28.60 की औसत के साथ 1,373 रन बनाए हैं, जिसमें 7 अर्धशतक शामिल हैं।
कोल्स 16 साल और 157 दिन की उम्र में ससेक्स के लिए फर्स्ट-क्लास डेब्यू करने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बने थे। कोल्स ने गेंदबाजी में भी अच्छा प्रदर्शन किया है। उन्होंने 26.94 की औसत और 8.27 की इकॉनमी रेट से 53 विकेट लिए हैं, जिसमें तीन बार एक पारी में चार विकेट लेना भी शामिल है।
भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज का पहला मैच 1 जुलाई को रिवरसाइड ग्राउंड पर खेला जाएगा, जिसके बाद ओल्ड ट्रेफर्ड 4 जुलाई को दूसरे मुकाबले की मेजबानी करेगा। सीरीज का तीसरा मैच 7 जुलाई को ट्रेंट ब्रिज में खेला जाएगा। चौथा मुकाबला काउंटी ग्राउंड पर 9 जुलाई को आयोजित होगा। सीरीज का अंतिम मुकाबला 11 जुलाई को द रोज बाउल में होगा।
हैरी ब्रूक (कप्तान), रेहान अहमद, जोफ्रा आर्चर, सोनी बेकर, टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, जोस बटलर, जेम्स कोल्स, जॉर्डन कॉक्स, सैम करन, लियाम डॉसन, विल जैक्स, साकिब महमूद, आदिल राशिद, फिल साल्ट, जोश टोंग और ल्यूक वुड।
एजेंसी इनपुट के साथ